
फेमस सिंगर रिहाना के पिता का निधन
Singer Rihanna Father Ronald Fenty Dies: बॉलीवुड हो या हॉलीवुड इंडस्ट्री दोनों के लिए 31 मई का दिन अच्छा नहीं रहा। 31 मई को फेमस एक्ट्रेस लारा दत्ता के पिता विंग कमांडर एल के दत्ता का निधन हो गया था। उन्होंने 84 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। इसके बाद अब हॉलीवुड सिंगर रिहाना के पिता रोनाल्ड फेंटी का भी बुधवार को निधन हो गया है। उन्होंने 70 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा है। इस खबर के बाद से सोशल मीडिया पर रिहाना के फैंस उनके पिता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सिंगर रिहाना के पिता के निधन को लेकर खबर है कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने लॉस एंजिल्स में आखिरी सांस ली। परिवार के करीबी सूत्रों ने स्टारकॉम को बताया कि रोनाल्ड के आखिरी दिनों में उनके साथ रहने और उनके साथ समय बिताने के लिए रिश्तेदार कैलिफोर्निया में इकट्ठा हुए थे।
बुधवार को रिहाना के छोटे भाई राजद फेंटी को सीडर-सिनाई मेडिकल सेंटर में देखा गया था। बताया गया कि रिहाना भी गाड़ी में मौजूद थी, हालांकि वह तस्वीरों में दिखाई नहीं दीं। वहीं, गायिका ने अभी तक अपने पिता की मौत के बारे में कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। कथित तौर पर कहा जा रहा है कि रिहाना के पिता रोनाल्ड फेंटी शराब या नशीली दवाओं के सेवन कर रहे थे। बता दें, रिहाना और उनके पिता के रिश्ते कुछ खास अच्छे नहीं थे।
रिहाना, जिनका जन्म नाम रॉबिन रिहाना फेंटी था, ने 2017 में अपनी सफल फेंटी ब्यूटी लाइन लॉन्च की थी। जैसे ही ब्रांड को वैश्विक मान्यता मिली, उन्होंने अपने ट्रेडमार्क नाम की रक्षा के लिए कदम उठाया, उन्होंने तर्क दिया कि उनके पिता के काम उनकी प्रसिद्धि का शोषण कर रहे हैं और उनके ब्रांड की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे है।
हालाँकि, रिहाना ने संघीय अदालत में कानूनी कार्रवाई की, लेकिन आखिर में उन्होंने मुकदमा वापस ले लिया था। उसके बाद खबर आई थी कि दोनों के रिश्ते में सुधार आया है। वहीं बता दें, रिहाना इस समय प्रेग्नेंसी फेज में हैं वह अपने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली हैं। हाल ही में कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में रिहाना ने अपनी प्रेग्नेंसी को जगजाहिर किया था।
Updated on:
01 Jun 2025 09:29 am
Published on:
01 Jun 2025 09:29 am
