
किसान सम्मान निधि
नर्मदापुरम
पिछले साल के मुकाबले इस साल गेहूं उत्पादक किसानों ने अब तक सिर्फ 67 फीसदी पंजीयन कराया है। जबकि 28 फरवरी पंजीयन की आखिरी तारीख तय की गई थी। मामले में शासन ने पंजीयन नहीं होने की वजह से अवधि बढ़ा दी है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय के उपसचिव बीएस सोलंकी ने सोमवार को जारी आदेश में कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं पंजीयन की अवधि 28 फरवरी तक निर्धारित है, किंतु अभी तक विगत वर्ष की तुलना में किसान पंजीयन कम हुए हैं। इसलिए गेहूं उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए किसान पंजीयन की अवधि 5 मार्च तक बढ़ाई गई है। इधर चना, मसूर एवं सरसों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 25 फरवरी थी। जिसे बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया है। यह आदेश मप्र शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के अवर सचिव जितेंद्र ङ्क्षसह परिहार ने दिए हैं।
अब तक हुआ सिर्फ 67 प्रतिशत पंजीयन-
कृषि उप संचालक जेआर हेडाऊ ने बताया कि नर्मदापुरम जिलेे में गत वर्ष अब तक 79918 पंजीयन हुए थे। जबकि इस वर्ष 54285 हुए हैं। जो कि कुल पंजीयन का 67 प्रतिशत है।
फैक्ट फाइल-
गेहूं - 58857 पंजीयन
चना - 13155 पंजीयन
मसूर - 785 पंजीयन
सरसों - 262 पंजीयन
कलेक्टर ने की समीक्षा-
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सोमवार को गेहूं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा कर समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारदाना साहित अन्य लॉजिस्टिक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। भंडारण, परिवहन की भी पूर्व व्यवस्थाएं की जाए। धान उपार्जन में शेष रहे किसानों के भुगतान की भी कार्यवाही शीघ्र की जाए। उन्होंने खाद, बीज की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने पर रोकथाम के लिए खेत पाठशाला के माध्यम निरंतर समझाइश दी जाए।
Published on:
27 Feb 2023, 9:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.