
Terapanth Samaj
हम सभी को जागरूक रहकर मतदान में हिस्सा जरूर लेना चाहिए। इसके साथ ही अन्य को प्रेरित भी कर सकते हैं। हम अपने गांव के ग्रुप से जुड़े हुए हैं। इन ग्रुप में मैसेज भेजकर भी हम मतदाता जागरुकता में सहभागी बन सकते हैं। तेरापंथ सभा हुब्बल्ली के अध्यक्ष आसोतरा निवासी मोहनचन्द बागरेचा ने यह बात कही। वे यहां तेरापंथ भवन में राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली और सिवांची जैन युवा संगठन हुब्बल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मतदाता जागरुकता अभियान जागो जनमत-2023 में बोल रहे थे। इस अभियान में तेरापंथ सभा, युवक परिषद, महिला मंडल, टीपीएफ, किशोर मंडल एवं कन्या मंडल की सहभागिता रही। इस अवसर पर बागरेचा ने कहा कि हम सही उम्मीदवार का चयन करें ताकि हमें अच्छा जनप्रतिनिधि मिल सके। इससे विकास को गति मिल सकेगी।
एक वोट से पलट सकता है पासा
इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष बग्गड़ निवासी विशाल बोहरा ने कहा कि हमें एक मत की कीमत को पहचानना होगा। एक वोट से पासा पलट सकता है। हम अपने गांव के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का काम कर सकते हैं। तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष आसोतरा निवासी लीला डोसी ने कहा कि वोट हमें जरूर देना चाहिए। अन्य लोगों को भी वोट देने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। पचपदरा निवासी रमेश चौपड़ा ने कहा कि एक वोट भविष्य तय करने का काम करता है। मतदान की महत्ता किसी सिपाही की बन्दूक से निकली गोली से कम नहीं है। एक वोट बहुत परिवर्तन ला सकता है। कहीं न कहीं हमारी निष्पति में कमी है। यदि मतदाता जागरूक हो गया तो सही व्यक्ति चुनकर आ सकेगा। बीदासर निवासी केसरीचन्द गोलछा ने कहा कि हम योग्य व्यक्ति का चयन करें। मतदान सोच-समझ कर करें।
बेटे को फोन कर करवाया मतदान
तेरापंथ महिला मंडल की उपाध्यक्ष आसोतरा निवासी भाग्यवंती बागरेचा ने कहा कि परिवार एवं समाज को जनमत जगाने की दिशा में आगे आना होगा। पिछले चुनाव में अपने परिवार की एक घटना का जिक्र करते हुए भाग्यवंती ने कहा कि मतदान वाले दिन मेरा बेटा पीयूष बागरेचा बाहर था। उसने मतदान करने मे आनाकानी की तो मैंने उसे पांच बार फोन कर मतदान अनिवार्य रूप से करने की हिदायत दी। तब आखिर में उसने मतदान में हिस्सा लिया। यदि हर व्यक्ति इसी तरह से ठान ले कि मुझे खुद को भी मतदान में हिस्सा लेना है और परिवार के अन्य सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना है तो निश्चित ही मतदान का प्रतिशत बढ़ सकता है। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की सदस्य बालोतरा निवासी संतोष वेदमूथा ने कहा कि हमें हमारी खुद की महत्ता को समझना होगा। खुद मतदान करने के साथ ही दूसरों को भी मतदान के बारे में बताएं। टीपीएफ उत्तर कर्नाटक के अध्यक्ष बालोतरा निवासी विनोद वेदमूथा ने कहा कि वोट का महत्व वही जान सकता है जो एक वोट के अंतर से पराजित होता है। यदि मतदान करना अनिवार्य कर दिया जाएं और बिना वोट के कोई अधिकार ही नहीं मिले तो लोग वोट देने के लिए जरूर आएंगे।
वोट की महत्ता को स्वीकारा
बालोतरा निवासी राणमल बागरेचा, टापरा निवासी कांतिलाल वडैरा, बालोतरा निवासी कमलेश खांटेड़, तेरापंथ युवक परिषद के पूर्व अध्यक्ष महावीर कोठारी ने वोट की महत्ता को स्वीकारा। सिवांची जैन युवा संगठन के पूर्व अध्यक्ष दिलीप संखलेचा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रारम्भ में राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के सम्पादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने जागो जनमत अभियान की जानकारी दी। इस अवसर पर सिवांची जैन युवा संगठन के अरविन्द बागरेचा, विनीत गोलेच्छा, पीयूष बागरेचा समेत अन्य उपस्थित थे।
आप भी जुड़ सकते हैं अभियान से
हुब्बल्ली के राजस्थानी समाज, संगठन व संस्थाएं मतदाता जागरुकता अभियान से जुड़ सकते है। इस अभियान में सहभागी बनने एवं जुडऩे के लिए सिवांची जैन युवा संगठन हुब्बल्ली के पूर्व अध्यक्ष सुशील मांडोत के व्हाट्सएप नं.- 9448110047, सिवांची जैन युवा संगठन हुब्बल्ली के पूर्व अध्यक्ष कल्पेश कांकरिया के व्हाट्सएप नं.- 9036167155 या राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के सम्पादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित के व्हाट्सएप नं.- 9940318115 पर मैसेज भेजकर अपनी सहमति दे सकते हैं।
Published on:
04 Nov 2023 08:46 pm
बड़ी खबरें
View Allहुबली
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
