
हरियाणा विधानसभा चुनाव
हरियाणा मूल के लोगों का कहना है कि हरियाणा में बनने वाली नई सरकार को अब हरियाणा को देश के अग्रिम राज्यों की पंक्ति में ले जाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास करने चाहिए। विकास के कामों को और गति दी जानी चाहिए। जिस तरह से हरियाणा के मतदाताओं ने भाजपा के प्रति तीसरी बार विश्वास जताया है, ऐसे में नई सरकार को भी अब हरियाणा की जनता के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करना चाहिए।
हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम जानने हरियाणा मूल के लोग मंगलवार को दिनभर टीवी से चिपके रहे। मोबाइल फोन पर भी प्रवासी चुनावी अपडेट लेते दिखे। मतगणना शुरू होने के कुछ घंटों बाद ही टीवी चैनलों पर रूझान आने शुरू हो गए थे। किस प्रत्याशी को कितने मत मिले, कौनसा उम्मीदवार कितने मतों से आगे चल रहा हैं, समेत चुनावी जानकारी में प्रवासियों की दिलचस्पी दिखी। प्रवासी मंगलवार सुबह से ही टीवी व मोबाइल पर पल-पल की जानकारी लेते दिखे। दिनभर प्रवासियों की नजरें समाचार चैनलों पर टिकी रहीं। हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद कर्नाटक में निवास कर रहे हरियाणा मूल के लोगों ने अपने प्रदेश के विकास को लेकर अपने विचार रखे। प्रस्तुत हैं उनके विचार:
भाजपा के दस साल के काम पर लगी मुहर
हरियाणा के हिसार जिले के हांसी तहसील के ढंढेरी गांव के निवासी अजमेर सिंह ने कहा, हरियाणा के मतदाताओं ने भाजपा के दस साल के कामकाज पर मुहर लगाई है। हरियाणा की जनता ने एक बार फिर भाजपा के हाथ में सत्ता की चाबी सौंप दी है। इससे निश्चित ही हरियाणा विकास की ओर अग्रसित होगा। जिस तरह से भाजपा ने पिछले एक दशक में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और युवाओं को रोजगार दिया है। उसका असर चुनावों में साफ दिखा है। पिछले कुछ समय से बिना किसी सिफारिश के युवा सरकारी सेवाओं में चयनित होने लगे हंैं। नई सरकार को अब सभी को साथ लेकर हरियाणा को और अधिक बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए प्राथमिकता से काम करना चाहिए।
भाजपा की नीतियों की जीत
हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के रहने वाले अशोक कालीरामणा ने कहा, एक्जिट पोल में जिन पार्टियों की जीत बताई गई थी, उनको हरियाणा के मतदाताओं ने धूल चटा दी। मतदाता चाहे तो कुछ भी कर सकता है। इस बार फिर मतदाताओं ने पासा पलट दिया। भाजपा को एक बार फिर जिस तरह से बड़ी जीत मिली हैं, निसंदेह यह भाजपा की नीतियों एवं काम की जीत है। भाजपा ने पिछले वर्षों में जिस तरह से हर वर्ग एवं हर क्षेत्र में काम को गति दी, उसी का नतीजा है कि मतदाता ने भी भाजपा की झोली वोटों से भर दी। आने वाले समय में भाजपा को और अधिक रोजगार सृजन की दिशा में काम करना चाहिए। इससे भाजपा के प्रति और विश्वास बढ़ेगा।
हरियाणा में पहली बार रिकॉर्ड टूटा
हरियाणा के भिवानी लोकसभा क्षेत्र के अधीन लोहारू विधानसभा क्षेत्र के डीडवान गांव के मुकेश सोनी ने कहा, हरियाणा में पहली बार रिकॉर्ड टूटा है। लगातार तीसरी बार भाजपा सत्ता संभालने जा रही है। भाजपा के राज में हरियाणा में विकास की गंगा बही। यही वजह रही है कि हरियाणा के मतदाता ने भाजपा में फिर से विश्वास जताया। भाजपा के राज में किसी के साथ भेदभाव नहीं हुआ। बिना किसी भेदभाव के हर जगह विकास के कार्य हुए। हरियाणा दिल्ली से लगता हुआ है, ऐसे में विकास के काम भी अधिक हुए। अब फिर से विकास को पंख लगेंगे और हरियाणा देश के शीर्ष प्रदेशों में शामिल हो सकेगा।
हरियाणा बने नशामुक्त प्रदेश
हरियाणा के जिंद जिले के नरवाणा तहसील के सेंथिली निवासी त्रिलोक शर्मा ने कहा, नई सरकार से हमारी उम्मीद यही रहेगी कि जिस तरह से हरियाणा का युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है, उस पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। पंजाब सीमा से लगते तथा दिल्ली से सटे इलाके में युवा बड़ी संख्या में नशा कर रहे हैं। इसके अलावा हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग ब्रोकरों के जाल में फंसकर उन्हें मोटी रकम देकर अवैद्य तरीके से विदेश में नौकरी के लिए जा रहे हैं। ऐसे कई परिवार कर्ज के बोझ में दब चुके हैं। नई सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और अवैद्य तरीके से विदेश पहुंचाने वाले ब्रोकरों पर लगाम लगाई जानी चाहिए।
अब हरियाणा पकड़ेगा विकास की राह
हरियाणा के भिवानी जिले के गोकुलपुरा गांव के दीपक सांगवान ने कहा, पिछले एक दशक में भाजपा के राज में हरियाणा ने विकास की नई राह देखी है। यह उसी का नतीजा रहा कि एक बार फिर हरियाणा के मतदाता ने भाजपा पर विश्वास कायम रखा है। भिवानी जिले की ही अगर बात की जाएं तो पहले यहां पानी की भयंकर किल्लत थी। भाजपा के शासन में पेयजल समस्या से छुटकारा मिला है। लोगों को स्वच्छ पेयजल सुलभ हुआ है। भिवानी जिले में ही विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जारी है। इससे आने वाले समय में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में फायदा मिलने के साथ ही लोगों को रोजगार भी सुलभ हो सकेगा।
Published on:
08 Oct 2024 06:07 pm
बड़ी खबरें
View Allहुबली
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
