13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इंदौर शहर में बनेगा ’64 दुकानों’ का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, खर्च होंगे 4 करोड़ रुपए

MP News: डीपीआर के तहत 64 दुकानें घंटाघर के चारों तरफ बनाई जाएंगी। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉम्प्लेक्स में दो निकासी द्वार होंगे।

2 min read
Google source verification
Shopping Complex

Shopping Complex (Photo Source: AI Image)

MP News: शहर में आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने जा रहा है। बुंदेलवाड़ी स्थित पुरानी नगर पालिका भवन परिसर में करीब 64 दुकानें बनाई जाएंगी। 4 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से दुकानों के साथ ही पुराने घंटाघर का भी रिनोवेशन होगा। स्टेटकालीन घंटाघर को पहचान दिलाने के उद्देश्य से लाल पत्थर, मार्बल का रुप देकर घंटाघर को संवारा जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर दिया गया था।

अब धरातल पर काम की शुरुआत के पहले मंगलवार को नपा अध्यक्ष नेहा-महेश बोड़ाने, उपाध्ययक्ष मयंक म्हाले, सीएमओ वीके सिंह सहित पार्षदों ने कार्य का भूमिपूजन किया। नपा अध्यक्ष बोडाने ने संबंधित एजेंसी को गुणवत्तापूर्वक निर्माण करने व समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। सीएमओ वीके सिंह के अनुसार कॉम्प्लेक्स बनने से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। शहर की सुंदरता और सुविधाओं में वृद्धि होगी तथा नागरिकों को एक ही स्थान पर बेहतर और सुव्यवस्थित बाजार की सुविधा प्राप्त होगी।

आठ माह का समय तय किया

नपा सीएमओ वीके सिंह के अनुसार डीपीआर के तहत 64 दुकानें घंटाघर के चारों तरफ बनाई जाएंगी। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉम्प्लेक्स में दो निकासी द्वार होंगे। परिसर में ही पार्किंग की जगह होगी ताकि लोग वाहन पार्क करके बाजार से अपना सामान खरीद सके। साथ ही घंटाघर को रिनोवेट करते हुए इसमें लाल पत्थर, मार्बल सहित ग्रेनाइट का उपयोग होगा। निर्माण स्थल पर जगह को देखते हुए करीब पांच से सात दुकानें अतिरिक्त भी बनाई जा सकती हैं। नपा ने संबंधित एजेंसी को आठ माह में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि आगामी वर्ष 2027 में दुकान आबंटन की प्रक्रिया नपा कर सके।

शहर की पहचान है घंटाघर

दरअसल नगर की बुंदेलवाड़ी स्थित घंटाघर शहर की पहचान है। इस भवन का निर्माण स्टेट काल के दौरान हुआ था। उस समय शहर में इससे बड़ी कोई इमारत नहीं थी, तब घड़ी नहीं होने के कारण भवन पर घंटा लगाया था। इसकी तेज आवाज शहर के हर कोने में सुनाई देती थी।

धार में नपा का गठन हुआ तो सबसे पहले नपा का कार्यालय ही इसी भवन में लंबे समय तक चला, किंतु करीब एक दशक पहले नपा कार्यालय को मांडू रोड पर शिफ्ट कर दिया गया। वर्तमान में भवन के एक हिस्से में आंगनबाड़ी से लेकर नपा की वाहनों की रिपेयरिंग भी यहीं पर होती है। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सभापति रवि मेहता, पूजा जितेंद्र अग्रवाल, सुमित्रा मकवाना, नेता प्रतिपक्ष करीम कुरैशी सहित नपा का विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।