22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

JEE Mains ने बदला खेल, अब ‘स्मार्ट अटेम्प्ट’ से ही खुलेगा IIT का रास्ता

विशेषज्ञ विजित जैन बताते हैं कि करीब 2.5 लाख छात्र एडवांस के लिए क्वालिफाई हुए हैं, लेकिन आइआइटी में सीटें सिर्फ करीब 10 हजार हैं यानी असली मुकाबला अब और कड़ा होने वाला है।

2 min read
Google source verification
JEE Mains

JEE Mains (Photo Source- freepik)

JEE Mains: जेईई मेंस का रिजल्ट आते ही एक बात साफ हो गई है कि अब यह परीक्षा सिर्फ ज्यादा पढऩे वालों की नहीं, बल्कि सही समय पर सही फैसले लेने वालों की बनती जा रही है। इस बार के कठिन पेपर ने हजारों छात्रों को चौंकाया, लेकिन जो छात्र घबराए नहीं और कम लेकिन सटीक सवाल हल किए, वही आगे निकल पाए। इस बार जनरल कैटेगरी मे 93.41 परसेंटाइल से ऊपर स्कोर करने वाले छात्र जेईई एडवांस के लिए पात्र हुए हैं।

एडवांस के लिए आवेदन 23 अप्रेल से शुरू होंगे और परीक्षा 17 मई को दो सत्रों में होगी। विशेषज्ञ विजित जैन बताते हैं कि करीब 2.5 लाख छात्र एडवांस के लिए क्वालिफाई हुए हैं, लेकिन आइआइटी में सीटें सिर्फ करीब 10 हजार हैं यानी असली मुकाबला अब और कड़ा होने वाला है।

टॉप ब्रांच के लिए दौड़ ?

टॉप एनआइटी में सीएस ब्रांच के लिए 97.99 परसेंटाइल तक की जरूरत पड़ रही है यानी सिर्फ पास होना काफी नहीं, बल्कि टॉप रैंक के लिए परफेक्ट स्कोर जरूरी है। इस बार के पेपर में केमिस्ट्री ने छात्रों को चौंकाया। कई सवाल सीधे एनसीईआरटी से बाहर थे। मैथ्स लंबा व समय लेने वाला रहा। जिन्होंने हर सवाल करने की कोशिश की, वे उलझ गए। जिन्होंने सवाल चुनकर हल किए, वे बेहतर स्कोर कर पाए।

अब 'माइंड गेम' बन रहा है जेईई

परीक्षा का पैटर्न धीरे-धीरे बदल रहा है। अब यह सिर्फ सिलेबस की परीक्षा नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और रणनीति की भी परीक्षा बन चुकी है। जेईई एडवांस में यह बदलाव और स्पष्ट दिख रहा है। हाल के सालों में ऐसे सवाल बढ़े हैं, जिनमें कोई विकल्प नहीं होता। यानी सीधे न्यूमेरिकल उत्तर देना होता है, जहां गलती की कोई गुंजाइश नहीं।

खत्म हो रहा 'सेफ्टी नेट' (एक्सपर्ट व्यू)

पहले सब्जेक्टिव सवालों में आंशिक अंक मिल जाते थे। अब बिना विकल्प वाले सवालों में यह सहारा भी खत्म हो गया है। अब तैयारी का तरीका बदलना होगा। हर सवाल करने की बजाय चयन करना सीखना होगा। विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और मानसिक संतुलन पर काम कर कॉन्सेप्ट को समझना जरूरी होगा। - योगेश सिंह, विशेषज्ञ, इंदौर

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

-JEE Main 2026 का रिजल्ट देखने के लिए आप इन स्टेप्स को फॉलो करें।
-JEE Main 2026 का रिजल्ट देखने के लिए इस लिंक jeemain.nta.nic.in पर क्लिक करें।
-होमपेज पर JEE Main 2026 Session 2 Result लिंक पर क्लिक करें।
-अब अपना Application Number, पासवर्ड और सिक्योरिटी कोड डाल दें।
-ये डिटेल दर्ज करने के बाद आपको आपका JEE Main 2026 रिजल्ट दिख जाएगा।
-रिजल्ट देखने के बाद उसे डाउनलोड जरूर करें।