
अस्थियों को विसर्जित करने का यह बीड़ा गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट ने उठाया
इंदौर. अस्थि विसर्जन का ऐसा जुनून और कहीं शायद ही देखा सुना गया हो। आमजन जहां आने में ही हिचकिचाते हैं, वहां कुछ लोग दिन रात औरों की अस्थियां बटोरते—संभालते देखे जाते हैं। इतना ही नहीं, ये लोग अस्थियों का विधिवत विसर्जन भी करते हैं। हरिद्वार जाकर अस्थियों को विधिविधान से गंगा में बहा देते हैं। अस्थि विसर्जन के जुनूनी ये समाजसेवक अभी तक 500 से ज्यादा लोगों की अस्थियां हरिद्वार में गंगा में बहा चुके हैं।
अस्थियों को विसर्जित करने का यह बीड़ा गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट ने उठाया है। गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट से संबंधित कुछ समाजसेवी बिना किसी राग द्वेष के ये काम कई सालों से कर रहे हैं। ट्रस्ट के समाजसेवी मुक्तिधामों से अज्ञात लोगों की अस्थियां एकत्रित करते हैं और बाद में हरिद्वार जाकर उन्हें विसर्जित कर देेते हैं।
इसी क्रम में गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट द्वारा रविवार को राम मंदिर पंचकुइया आश्रम में अस्थि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया. यहां साधु-संतों के सानिध्य में 101 अस्थियों का विधिवत पूजन किया गया। इन अस्थियों को गंगा में विसर्जित करने के लिए यहां से कुछ लोग हरिद्वार रवाना हो गए। सेवा ट्रस्ट की इस पहल को सभी सराहनीय बताते हैं।
ट्रस्ट ने अज्ञात लोगों की अस्थियों को विसर्जित करने का संकल्प लिया है। ट्रस्ट के संजय अग्रवाल व कालू सारडा ने बताया कि संस्था द्वारा विभिन्न मुक्तिधाम से ऐसी अस्थियों का संचय किया जाता है जोकि अज्ञात लोगों की हैं या जिन्हें कोई लेने नहीं आता। ऐसे 101 अज्ञात लोगों की अस्थियों को हरिद्वार में विसर्जित किया जाएगा। गौरतलब है कि गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट 4 साल से यह काम कर रहा है। इस अवधि में अब तक 500 से ज्यादा अस्थियों को विसर्जित कर चुका है।
Published on:
06 Mar 2023 02:58 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
