
इंदौर. हमारे देश की शिक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत है। मोदी सरकार ने जो रोजगार देने का वादा किया था वह धरातल पर कुछ भी नहीं है। सिर्फ दूध-पान और पकौड़े की दुकान वाली सरकार रह गई है। आज तक एक भी नया सयंत्र नहीं लगा। प्रदेश में हर इन्वेस्टर्स मीट में 5 लाख करोड़ के निवेश का सपना दिखाया, पर जमीन पर कुछ भी नहींं हुआ। बेरोजगारी मिटाने के लिए जर्मनी और जापान का मॉडल अपनाना होगा।
आज देश के विकास की नींव खतरे में पड़ गई है। शनिवार को जाल सभागृह में अभ्यास मंडल के ग्रीष्मकालीन व्याख्यानमाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवा भारत मेरी दृष्टि विषय पर उक्त बातें कहीं।
सिंधिया ने कहा, 125 करोड़ की हमारे देश की आबादी में 70 प्रतिशत नौजवान हैं, इससे स्पष्ट है कि देश में 84 करोड़ व्यक्ति 35 वर्ष से कम आयु के हैं। यह संख्या यूरोप से डेढ़ गुना और अमेरिका से 3 गुना है। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी क्षमता को दिशा दें और उसका उपयोग करें। आज हमारा युवा शिक्षा प्राप्त करने के बाद कॉलेज से डिग्री लेकर बाहर आता है, लेकिन उसे नौकरी नहीं मिलती है।
देश के प्रधानमंत्री ने 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया, लेकिन उनकी सरकार दूध पान और पकौड़े पर आकर अटक गई। देश में निरंतर गहराती बेरोजगारी की समस्या से निपटने के लिए हमें जर्मनी और जापान का मॉडल अपनाना होगा। इस मॉडल के अंतर्गत उद्योगों के साथ समझौता किया जाता है और उनकी आवश्यकता के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित कर काम करने के लिए उद्योगों को दिया जाता है।
देश के विकास में महिला सशक्तिकरण जरूरी है। देश की आधी आबादी काफी नहीं है। जब तब महिलाओं को शामिल नहीं किया जाएगा तब तक विकास नहीं होगा।
नींव को दीमक लगाने की कोशिश
उन्होंने कहा, हमें अपने देश की सांस्कृतिक नीव को बचाना होगा। उसे मजबूती देना होगी। नींव को दीमक लगाने की कोशिश की जा रही है। सांप्रदायिक सद्भाव, धर्मनिरपेक्षता, उदार विचारधारा और विचारों की स्वतंत्रता ही हमारे देश की नीव है। विकास को लेकर हमारे आपस में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। दिल में एक दूसरे के लिए सम्मान होना चाहिए।
आज हिंदू धर्म की बात करने वालों ने हिंदुत्व का विचार कर लिया है, जबकि मैं यह कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई सरोकार नहीं है। हिंदू धर्म तो जीवन जीने का दर्शनशास्त्र है। जो सबको लेकर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा, हमें यह सोचना होगा कि हम आने वाली पीढ़ी के लिए किस तरह का भारत देकर जाना चाहते हैं। उन्होंने 2डी का नारा देते हुए कहा, डेमोक्रेसी और डेमोग्राफिक जरूरी है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, आनंद मोहन माथुर मनोहर देव, रामेश्वर गुप्ता, अशोक कोठार, माला ठाकुर के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर इस व्याख्यानमाला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन मनीषा गौर ने किया। अतिथि स्वागत डॉ भरत छापरवाल ने किया।
व्यवसाय बन गई है राजनीति
उन्होंने कहा, आज देश को अभ्यास मंडल जैसे गैर राजनीतिक मंचों की जरूरत है, ताकि राजनीतिक दलों को सचेत कर सकें। हमारे देश की राजनीति दूषित हो गई है। 70 साल में हम भूल गए है कि राजनीति के क्षेत्र में आने के पीछे लक्ष्य क्या है। राजनीति अब व्यवसाय बन गई है।
इस स्थिति के लिए कटघरे में केवल नेता ही नहीं, बल्कि आप भी हैं, क्योंकि आप ही व्यक्ति को नेता बनाते हैं और फिर उसे अपना प्रतिनिधि चुनकर सुशोभित करते हैं। राजनीति के दलदल को अमृत में बदलना है तो इसमें कूदना होगा। लक्ष्य जनसेवा होना चाहिए और उसकी पूर्ति का माध्यम राजनीति हो सकता है।
जाति नहीं विकासवाद पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
सिंधिया ने कहा है, कांग्रेस जातिवाद-धर्मवाद के मुद्दे पर नहीं, बल्कि विकासवाद, प्रगतिवाद, सुरक्षावाद के एजेंडे पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। 2 अप्रैल को ग्वालियर चंबल संभाग में 7 मासूमों की जान गई, लेकिन सात दिन तक प्रदेश का एक मंत्री-संतरी उनके घर नहीं गया। मेरे दौरे वाले दिन आनन-फानन में भाजपा ने एक केंद्रीय मंत्री को भेजा। भाजपा जातिवाद का जहर फैला रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तो छह कैबिनेट मंत्रियों की ड्यूटी जातियों के नेतृत्व के लिए लगा दी है। सिंधिया ने कहा, पहले पेट्रोल के दाम जब 50 रुपए लीटर हुए थे तो मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान साइकिल से वल्लभ भवन जाते थे, अब विरोध क्यों दर्ज नहीं कराते हैं। प्रदेश में व्यापमं घोटाले में 3 हजार छात्र जेल में हैं, लेकिन बड़े मगरमच्छ बाहर घूम रहे हैं।
इशारा काफी
सिंधिया ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के भोपाल में दिए बयान पर चुटकी लेते हुए कहा, अमित शाह बोल गए हैं कि भाजपा चेहरे पर नहीं, संगठन के आधार पर चुनाव लड़ेगी। मुझे इसके मायने समझाने की जरूरत नहीं है, समझदार को इशारा ही काफी है।
कमलनाथ की क्षमता अंतरराष्ट्रीय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की उम्र को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर सिंधिया ने कहा, कई बार 25 साल के जवान भी बुजुर्गों के समान व्यवहार करते हैं, वहीं कई 90 साल के लोग युवाओं के समान काम करते हैं। कमलनाथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखा चुके हैं। उनकी ऊर्जा नवंबर में होने वाले चुनावों में दिख जाएगी।
किसानों को दिलाएंगे सही दाम
आप लोग ही बताएं, क्या आपको अपनी फसल का सही दाम मिलता है? आप लोगों के साथ भावांतर में धोखा हुआ है। मैं वादा करता हूं यदि विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाया जाएगा।
किसानों के साथ ही माता बहनों की सुरक्षा भी हमारी सरकार की प्राथमिकता होगी। कुछ इसी अंदाज में शनिवार को कांग्रेस सांसद और प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनता से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।इंदौर की सांवेर विधानसभा में आने वाले लसूडिय़ा चौराहे पर कांग्रेस ने जनाक्रोश रैली आयोजित की थी। घोषित समय से दो घंटे देरी से शुरू हुई।
इस रैली में सिंधिया ने जनता से ही क्षेत्र के भाजपा विधायक की सक्रियता को लेकर सवाल साधे। वहीं, सिंधिया के साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस से तुलसी सिलावट को टिकट मिलने पर उन्हें जीताने को लेकर सवाल पूछकर यहां से सिलावट के ही टिकट को ही अघोषित तौर पर तय कर दिया।
Published on:
13 May 2018 01:10 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
