
Indore News : कमल नाथ और दिग्विजय सिंह एक साथ पहुंचेंगे आंबेडकर की जन्मस्थली
इंदौर. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह 14 अप्रैल को एक साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचेंगे। इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले 13 अप्रैल को जनसंवाद कार्यक्रम होगा, जिसकी तैयारी में पदाधिकारी जुट गए हैं। गांव खुर्दा-खुर्दी में यह आयोजन होगा।
कमल नाथ और दिग्विजय सिंह के बीच आई दूरियां नजदीकियों में बदलने जा रही हैं। दोनों 14 अप्रैल को आंबेडकर की जयंती पर महू पहुंचेंगे। माल्यार्पण भी करेंगे। इसको लेकर जिला कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वैसे दिग्विजय एक दिन पहले 13 अप्रैल को इंदौर आएंगे। दोपहर 2 बजे इंदौर से शाम 4 बजे महू के बिचौली गांव में जादव सिंह धनावत के निवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचेंगे। शाम 5.15 बजे मानपुर में सुमित पटेल के पैलेस पर जनता से मुलाकात करेंगे। इसके बाद खुर्दा खुर्दी में जन जागरण अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस के जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
जनसंवाद की रूपरेखा समझने के लिए दिग्विजय के निज सहायक सचिन, जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार और ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर पटेल ने कल कार्यक्रम स्थल का अवलोकन भी किया। जनसंवाद के बाद दिग्विजय सिंह खुर्दी के कनेरिया में छगनलाल औसारी के निवास पर शोक व्यक्त करने जाएंगे। खुर्दा खुर्दी के कद्दावर नेता प्यार सिंह निनामा के निवास पर ग्रामीणजन के साथ दिग्विजय संवाद और भोजन करेंगे। रात्रि विश्राम खुर्दी में ही करेंगे। अगले दिन वे मानपुर में प्रभात फेरी में शामिल होंगे। इसके बाद मेन ग्राम में रामेश्वर पटेल के यहां मुलाकात करेंगे। दिग्विजय सिंह पातालपानी स्थित टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे।
माल्यार्पण कर कमल नाथ रवाना होंगे छिंदवाड़ा
14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर सुबह 11 बजे कमल नाथ व दिग्विजय सिंह एकसाथ उनकी जन्मस्थली पर पहुंचेंगे। यहां पर प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद नाथ हेलिकॉप्टर से सीधे छिंदवाड़ा रवाना हो जाएंगे। दिग्विजय सिंह इंदौर में महेश जोशी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इधर, दोनों दिग्गज नेताओं के महू आने पर जिलाध्यक्ष यादव ने ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक और मंडलम् अध्यक्षों को दी है।
Published on:
08 Apr 2022 11:17 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
