
mini sood submitted an application at the indore collectorate (Photo Source - Patrika)
Indore- एक बड़ा कारोबारी अपनी 2 बेटियों को लेकर कहीं चला गया। पत्नी जब मुंबई स्थित घर पहुंची तो वहां न पति मिला न ही बच्चे। पता लगा कि पूरा परिवार ही यह घर छोड़ गया है। बेचारी मां अब अपनी बेटियों से मिलाने के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहीं हैं। उनका आरोप है कि पति व उसके परिजनों ने बेटियों से 4 साल से नहीं मिलाया है। वे हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका लगा चुकी हैं, मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच चुका है पर बेटियों से मुलाकात नहीं कराई जा रही है।
इंदौर की मिनी सूद ने हाल ही में कलेक्टर कार्यालय जाकर बेटियों से मिलवाने का आग्रह किया। इसके लिए बाकायदा जनसुनवाई में आवेदन दिया। मिनी के मुताबिक पति आदर्श सूद ने पारिवारिक विवाद में उनकी बेटियों से दूर कर दिया। 2022 से वे बेटियों से मिलने की कोशिश कर रहीं हैं।
सूद दंपत्ति की बड़ी बेटी प्रिशा 15 साल की है और छोटी बेटी दिविना 9 साल की। मिनी के मुताबिक वे दोनों बेटियों को उनके पिता से मिलवाने मुंबई गई थीं। वहां पैतृक घर में दोनों को अंदर कर मुझे धक्का देकर भगा दिया गया। वे इंदौर लौट आईं। कुछ दिनों बाद जब वे बेटियों को लेने दोबारा मुंबई स्थित घर पहुंचीं तो वहां कोई नहीं मिला। पड़ोसियों ने बताया पूरा परिवार ही यहां से चला गया।
बेटियों का पता लगाने मिनी सूद ने इंदौर पुलिस की सहायता ली। महाराष्ट्र के कोल्हापुर के इचलकरंजी में लोकेशन मिलने पर वे तुरंत वहां भी पहुंच गई लेकिन बेटियां नहीं मिलीं।
अपनी बेटियों की कस्टडी के लिए मिनी सूद ने मुंबई में कोर्ट में केस लगाया है। सुनवाई के बाद कोर्ट ने माह में दो बार बेटियों से मिलवाने और एक बार वीडियो कॉल पर बात करने का आदेश दिया था। लेकिन अदालत के इस निर्णय को भी पति ने नहीं माना। मिनी सूद ने आरोप लगाया कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बाद भी बेटियों से नहीं मिलने दिया गया।
मुंबई कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर मिनी सूद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गईं। वहां से केस को इंदौर ट्रांसफर किया गया। 2023 से मामला इंदौर में ही चल रहा है। अब तक बेटियों से बात तक नहीं हो पाई है।
मिनी सूद ने अपने पति आदर्श सूद, जेठ समीर और जेठानी हनी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पति बड़े कारोबारी हैं। उनका पीथमपुर से मुंबई तक कारोबार फैला हुआ है। मिनी सूद ने आरोप लगाया कि उनके घर में तोड़फोड़ की गई। वे हॉस्टल में रहने के लिए मजबूर हैं। मिनी ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी का एक्सीडेंट में पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली लेकिन तब भी उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया।
Updated on:
08 Aug 2026 02:00 pm
Published on:
08 Aug 2026 01:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
