
जन्मदिन से एक दिन पूर्व मोहनखेड़ा आचार्य ऋषभचंद्र सूरीश्वर का देवलोक गमन, अरबिंदो अस्पताल में ली अंतिम सांस, शाम 5 बजे अंतिम संस्कार
इंदौर/ धार जिले के मोहनखेड़ा महातीर्थ के ज्योतिषाचार्य, वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य भगवंत ऋषभचंद्र सूरीश्वर का बुधवार देर रात इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में देवलोक गमन हो गया। उनके निधन की खबर से मध्य प्रदेश ही नहीं देशभर में शोक की लहर है। गुरुवार की सुबह उनका पार्थिव देह मोहनखेड़ा लाया गया। मोहनखेड़ा तीर्थ से जारी सूचना पत्र के मुताबिक, आचार्यश्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी का शुक्रवार 4 जून को उनका 74वां जन्मदिन था। आचार्यश्री के देवलोक गमन पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
सीएम शिवराज ने दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ज्योतिषाचार्य, वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य भगवंत ऋषभचंद्र सूरीश्वर के देवलोकगमन पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, श्री मोहनखेड़ा तीर्थ के प्रसिद्ध संत, परम पूज्य, श्री ऋषभ देव महाराज जी ने आज अपना भौतिक शरीर त्याग दिया। वे धर्म, सेवा और कल्याण की पुण्य ज्योत थे। उनके मंगलकारी विचार हमें मानवता और धर्म की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उनका आशीर्वाद सदैव बना रहे! विनम्र श्रद्धांजलि!
पूर्व सीएम कमलनाथ ने दी श्रद्धांजलि
वहीं, दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी ज्योतिषाचार्य, वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य भगवंत ऋषभचंद्र सूरीश्वर के देवलोकगमन पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, 'श्री मोहनखेड़ा तीर्थ के परमपूज्य संत आचार्य श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वर जी महाराज के देवलोक गमन का समाचार बेहद पीड़ादायक , स्तब्ध व व्यथित करने वाला है। आचार्य श्री के मानवता , परोपकार , धर्म व समाज हित में किये गये सेवा कार्य कभी भुलाये नहीं जा सकते है।' एक अन्य ट्वीट में कमलनाथ ने कहा कि, 'उनका निधन मानवता व सम्पूर्ण समाज के लिये एक अपूरणीय क्षति है। उनके देवलोकगमन पर मेरी शोक संवेदनाएँ। उनके अधूरे कार्यों को हम सभी पूरा करने का संकल्प लें।ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे उनके अनुयायियों, भक्तगण को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।'
भक्त चाहते थे शुक्रवार को ही हो ज्योतिषाचार्य को अंतिम संस्कार
श्री आदिनाथ राजेंद्र जैन श्वेतांबर ट्रस्ट की तरफ से शुक्रवार को दोपहर 12 बजकर 39 मिनट पर विजय मुहूर्त में तीर्थ भूमि पर अग्नि संस्कार के विधि-विधान संपन्न कराने की बात कही थी। इधर, प्रशासन ने मोहनखेड़ा महातीर्थ में गुरुवार शाम 5 बजे उनके अंतिम संस्कार के लिए कहा है। कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखकर अंतिम संस्कार कराने की तैयारी शुरु कर दी गई है। वहीं, दूसरी ओर उनके भक्त शुक्रवार को उनके जन्मदिन के अवसर पर उनका अंतिम संस्कार कराने की बात पर अड़े थे। दोनों पक्षों में बात चली। मामला भोपाल स्तर तक पहुंच गया है। बाद में ट्रस्ट की ओर से गुरुवार शाम 5 बजे ही अंतिम संस्कार करने पर सेहमति दे दी।
पाट पर की गई स्थापना, हो सकता है आनलाइन चढ़ावा
श्री आदिनाथ राजेंद्र जैन ट्रस्ट मोहन खेड़ा मैनेजिंग ट्रस्टी सुजान मल जैन के मुताबिक, तीर्थ पर उन्हें पाट पर स्थापित कर दिया गया है। संपूर्ण परिसर गुरु देव अमर रहे के जय घोष से गुंजायमान है। आचार्य श्री का शिष्य परिवार भी गुरुवार की सूबह मोहनखेड़ा पहुंच चुका है। आचार्य श्री अंतिम संस्कार आज ही शाम 5 बजे मोहनखेड़ा में होगा। अंतिम संस्कार के चढ़ावे आनलाइन होने की संभावना जताई जा रही है।
कोरोना वैक्सीन से जुड़े हर सवाल का जवाब - जानें इस वीडियो में
Updated on:
3 Jun 2021, 2:04 PM IST
Published on:
3 Jun 2021, 2:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.