
एमपीपीएससी मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू (Photo Source- Patrika)
MPPSC Mains Exam 2026 :इंदौर में स्थित मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा - 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि और विलंब शुल्क को लेकर नए दिशा - निर्देश जारी किए हैं।
आयोग के अनुसार, नियमित आवेदन 15 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 16 से 22 जून के बीच आवेदन करने पर अभ्यर्थियों को 3 हजार रुपए अतिरिक्त विलंब शुल्क भी चुकाना होगा। वहीं, 23 जून से 14 अगस्त 2026 तक आवेदन करने वालों के लिए 25 हजार रुपए की लेट फीस निर्धारित की गई है।
हाल ही में आयोग ने राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित किया था। परिणाम इस बार ओबीसी आरक्षण के 87:13 फार्मूले के आधार पर जारी किया गया। राज्य सेवा परीक्षा के तहत 155 पदों और वन सेवा के 36 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।
राज्य सेवा परीक्षा में मुख्य सूची के 140 पदों के लिए 3044 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है, जबकि 15 प्रावधिक पदों के लिए 731 उम्मीदवारों को सूचीबद्ध किया गया है। इसी तरह वन सेवा में 35 पदों के लिए 741 तथा एक प्रावधिक पद के लिए 42 अभ्यर्थियों को पात्र घोषित किया गया है। आयोग ने पदों की संख्या के मुकाबले लगभग 20 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया है।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 7 से 12 सितंबर तक होगी, जबकि राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को की जाएगी। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में सामान्य अध्ययन के चार प्रश्नपत्र होंगे। इसके अलावा सामान्य हिन्दी, व्याकरण एवं प्रारूप लेखन से संबंधित प्रश्नपत्र भी शामिल रहेंगे। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकल सत्र में आयोजित होगी।
आयोग ने परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी कर दी है। मुख्य परीक्षा प्रदेश के 12 शहरों इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, जबलपुर, ग्वालियर, सतना, सागर, बालाघाट, बड़वानी, छिंदवाड़ा और शहडोल में आयोजित की जाएगी। आयोग के अधिकारियों के अनुसार विस्तृत सिलेबस जल्द जारी किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थी अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकें।
Published on:
26 May 2026 08:37 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
