
Municipal Corporation (Photo Source - Patrika)
MP News: नगर निगम का बजट सम्मेलन 28 मार्च को होगा। निगम मुख्यालय स्थित श्री अटल बिहारी बाजपेयी परिषद सभागृह यानी अटल सदन में सुबह 11 बजे महापौर पुष्यमित्र भार्गव अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। बजट पर बहस 30 मार्च को होगी। बजट के साथ 54 से ज्यादा प्रस्तावों को भी मंजूरी दी जाएगी। इसमें एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव जेएनएनयूआरएम के अन्तर्गत भूरी टेकरी पर बनी बहुमंजिला आवासीय इकाइयों के 976 फ्लैट का पुनर्विकास (रिनोवेशन) करना है। यह काम पीपीपी मॉडल पर होगा।
दरअसल, भूरी टेकरी पर बने फ्लैट के लंबे समय से खराब हालत में होने, रहवासियों के लिए जान का खतरा बनने, बरसात के दिनों में घरों के अंदर पानी टपकने और इमारत की हालत जर्जर होने का मुद्दा न्यूज टुडे ने प्रमुखता से उठाया था। साथ ही भूरी टेकरी की इमारतें बनी मौत का मकान शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
इसके बाद निगम के अफसर हरकत में आए और भूरी टेकरी के फ्लैट का निरीक्षण कर स्थिति का आंकलन किया। साथ ही खसरा क्रमांक 1/1/1 के 8.07 हेक्टेयर आवंटित भूमि पर बनाई गई बहुमंजिला इमारतों में 976 फ्लैट का पुनर्विकास पीपीपी मॉडल यानी पब्लिक प्रायवेट पार्टनरशिप पर करने का प्रस्ताव तैयार कर एमआइसी में रखा गया। एमआइसी से संकल्प पारित होने पर अब प्रस्ताव को 28 मार्च को होने वाली निगम परिषद की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
इस प्रस्ताव के साथ वित्तीय वर्ष 26-27 का बजट भी स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। इस बार के बजट में निगम ने न तो नया टैक्स लगाया और न ही पुराने में कोई बढ़ोतरी की है। इससे आमजन को राहत है। तकरीबन 8500 करोड़ रुपए के बजट में शहर के विकास, कर्मचारियों के हितों और जनता को राहत देने पर फोकस किया गया है। सभापति मुन्नालाल यादव की अध्यक्षता में महापौर भार्गव अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे।
-नेहरू पार्क एवं महूनाका स्वीमिंग पूल के किराए व सदस्यता शुल्क बढ़ाना।
-शहरी सीमा क्षेत्र के फ्लाईओवर और पुलपुलियाओं के ऊपरी भाग पर हरित क्षेत्र निर्मित कर सौंदर्यीकरण करना।
-जल उपभोक्ता प्रभार की दरों का युक्तियुक्तकरण और बिलिंग प्रक्रिया का मानकीकरण करना।
-नगरीय क्षेत्र में वृक्ष कटाई, छंटाई एवं ट्रांसप्लांट (प्रत्यारोपण) करने के लिए निर्धारित शुल्क में वृद्धि करना।
-श्री गणेश विसर्जन चल समारोह में शामिल अखाड़ों को अनुदान राशि में वृद्धि करना।
-नगर निगम कार्यार्थ विभिन्न प्रकार के नवीन वाहन खरीदना।
-आगरा-बॉम्बे (एबी) रोड का नाम अटल बिहारी मार्ग करना।
-रणजीत हनुमान मंदिर के आगे आदित्य हॉस्पिटल के पास के चौक का नाम अभिग्रह चौक और गुमाश्ता नगर दिगंबर जैन मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग का नाम राजेश मुनि मार्ग करना।
-अमृत-2.0 योजना अन्तर्गत जलप्रदाय एवं सीवरेज संबंधी कार्यों के क्रियान्वयन के लिए 1530 करोड़ का लोन लेना।
-खाली दुकानों को यथास्थिति में प्रवेश अधिकार शुल्क एवं मासिक किराए की दर पर 30 वर्षों के लिए आबंटन करना।
-स्ट्रीट डॉग की देखरेख व सुचारु व्यवस्था करने की कार्य योजना का प्रारूप बनाना।
-निगम द्वारा संपादित किए जाने वाले विभिन्न शासकीय विभागों से संबंधित कार्यों को क्रियान्वित करने के लिए सुपरविजन चार्ज निर्धारित करना।
-नर्मदा चौथे चरण के तहत शहर में 24 घंटे 7 दिन पानी देने के साथ नई टंकी का निर्माण करने के साथ सप्लाय लाइन डालने के ठेके को स्वीकृति देना।
-नगरीय सीमा क्षेत्र में आने वाले समस्त ठोस अपशिष्ट उत्पादकों (30 किलो व अधिक) के कचरे के संग्रहण एवं निपटान के लिए भवन निर्माण अनुमति में नियमावली शामिल करना।
-सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण, ट्रांसपोर्टेशन एवं प्रोसेसिंग कर निपटान के लिए 200 टीपीडी क्षमता का प्लांट लगाना।
-सरवटे बेसमेंट पार्किंग, महाराजा कॉ्पलेक्स पार्किंग को पीपीपी मोड पर 5 साल के लिए ठेके पर देना। 6 पार्किग के लिए पीपीपी मोड पर टेंडर बुलाना।
-शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित निगम स्वामित्व की 44 ग्रेंट्री एवं 3 फुट ओवर ब्रिज (पैदल पुल) पर 05 वर्षों के लिए विज्ञापन के अधिकार देना।
-6 यूनिपोल और एलडी स्क्रीन को ठेके पर देने के लिए बुलाए टेंडर को मंजूरी देना।
Published on:
23 Mar 2026 05:24 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
