
Sonam Raghuvanshi: कार्रवाई की तैयारी (Photo Source - Patrika)
Indore news: मध्यप्रदेश में इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्याकांड मामले में नया विवाद सामने आया है। इस बार विवाद शादी कैटरिंग भुगतान को लेकर है। शादी में भोजन व्यवस्था संभालने वाले कैटरर्स ने बकाया राशि की वसूली के लिए सोनम के पिता गोविंद रघुवंशी और राजा के भाई विपिन रघुवंशी को कानूनी नोटिस भेजा है। कैटरर्स का दावा है कि शादी के भोजन का 2 लाख 82 हजार 550 रुपए का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। भुगतान नहीं होने पर अब सिविल कोर्ट में वसूली का दावा और फौजदारी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कैटरर्स की ओर से अधिवक्ता जयंत राठौर ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि 10 और 11 फरवरी 2025 को सोनम और राजा रघुवंशी के विवाह समारोह में भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी कैटरर्स हितेश उर्फ जिम्मी रोहिरा को सौंपी गई थी। यह काम सोनम के पिता गोविंद रघुवंशी और राजा के भाई विपिन रघुवंशी की ओर से दिया गया था। कैटरर्स की ओर से बकाया भुगतान के लिए दोनों पक्षों को 15 दिन का कानूनी नोटिस दिया गया था। अधिवक्ता जयंत राठौर ने बताया, निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में अब सिविल कोर्ट में दावा प्रस्तुत किया जाएगा।
अधिवक्ता का कहना है कि केवल वसूली का मुकदमा ही नहीं, बल्कि कथित धोखाधड़ी के आरोप में फौजदारी प्रकरण दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही है। उनका दावा है कि प्रस्तावित आपराधिक मामले में सोनम को भी आरोपित बनाए जाने का प्रयास किया जाएगा। नोटिस प्राप्त करने वाले पक्ष की ओर से सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अधिवक्ता के अनुसार, कैटरिंग का कुल अनुबंध 11 लाख 42 हजार 550 रुपए का था। इसमें से बार-बार मांग करने के बाद भी केवल 8 लाख 60 हजार रुपए का भुगतान किया गया, जबकि 2 लाख 82 हजार 550 रुपए अब भी बकाया हैं। आरोप है कि भुगतान की मांग करने पर लगातार टालमटोल की जाती रही और विभिन्न बहाने बनाए गए।
बता दें कि राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने बीते बुधवार को मेघालय के शिलॉन्ग कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसे जेल भेज दिया गया। बीती 23 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने सोनम की जमानत रद्द करते हुए उसे तीन हफ्ते के भीतर संबंधित अदालत में सरेंडर करने का निर्देश दिया था। ये अवधि पूरी होने से पहले ही सोनम सरेंडर करने कोर्ट पहुंच गई। सोनम के सरेंडर पर राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा- मैं मेघालय सरकार को धन्यवाद देता हूं। उनकी वजह से आज हमें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
Updated on:
02 Aug 2026 10:46 am
Published on:
02 Aug 2026 10:46 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
