1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीईबी ने निकाली बंपर भर्ती

तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की ढाई हजार से अधिक वैकेंसीकलेक्टोरेट में भी भरे जाएंगे स्टेनोटाइपिस्ट और ग्रेड-3 के पद

2 min read
Google source verification
mp peb

इंदौर।
प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड ने बंपर भर्ती निकाली है। स्टेनोटाइपिस्ट और ग्रेड तीन के पदों की पूर्ति के लिए ढाई हजार से अधिक वैकेंसी निकली हैं। इसमें 111 विभागों में पद भरे जाएंगे, जिनमें कलेक्टोरेट भी शामिल हैं। भर्ती परीक्षा अगले महीने होगी और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भरे जाना शुरू हो गए हैं।
पीईबी ने जिन पदों के लिए भर्तियां निकाली हैं, उसकी परीक्षा 29 और 30 जुलाई को होगी। इसके लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 6 जुलाई तक है। शैक्षणिक योग्यता में हायर सेकेंडरी पास मांगा जा रहा है, पर साथ में कंप्यूटर दक्षता संबंधी डिप्लोमा जरूरी है। समूह चार की इस भर्ती परीक्षा में इंदौर के साथ प्रदेश के सभी कलेक्टर कार्यालयों के खाली पद भरे जाना हैं। इसके साथ प्रदेश के सभी कमिश्नर कार्यालयों में भी पदों की पूर्ति की जाना हैं। इन दफ्तरों में स्टेनोटाइपिस्ट और ग्रेड-तीन के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 87 विभागों में सीधी भर्ती के जरिए 2384 पदों पर पूर्णकालिक नियुक्ति, 21 विभागों में बैकलॉग के जरिए 250 पदों पर सीधी भर्ती और तीन विभागों में 80 पदों पर संविदा आधार पर नियुक्ति होगी।
इन विभागों में होगी नियुक्तियां
भौमिकी तथा खनिजकर्म, लोकायुक्त, श्रमायुक्त दफ्तर, उच्च शिक्षा संचालनालय, विधि और विधायी कार्य विभाग, जबलपुर, रीवा व ग्वालियर मेडिकल कॉलेज, नगरीय प्रशासन एवं विकास संचानालय, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, विद्युत नियामक आयोग, वन विभाग, आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, महिला सशक्तिकरण संचालनालय, सहकारिता विभाग, ग्वालियर कृषि महाविद्यालय, राष्ट्रीय संसदीय विद्यापीठ, खादी तथा ग्रामोद्योग, रेशम संचालनालय, राज्य होम्योपैथी परिषद्, संस्कृति संचालनालय, हाउसिंग बोर्ड, एमपीआरडीसी, कोष एवं लेखा विभाग, पाठ्यपुस्तक निगम, मेडिकोलीगल इंस्टीट्यूट, हथकरघा संचालनालय, पीडब्ल्यूडी विद्युत सुरक्षा, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं, किसान कल्याण तथा कृषि विकास, मुख्य निर्वाचन कार्यालय, सामान्य प्रशासन विभाग, लोक अभियोजन संचालनालय, पंचायत राज और वाणिज्यिक कर अपील बोर्ड हैं।
नगर निगम को मिलेंगे आरआई
इंदौर सहित प्रदेश के कुछ प्रमुख नगर निगमों में राजस्व निरीक्षकों के 129 पद भी भरे जाएंगे। इसमें से इंदौर नगर निगम में 27 पद खाली हैं, जिन पर भर्ती होगी। इंदौर नगर निगम में सहायक ग्रेड तीन के भी 67 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा इंदौर कलेक्टोरेट में 20 स्टेनोटाइपिस्ट के 2 और सहायक ग्रेड तीन के 18 पद भरे जाएंगे। श्रमायुक्त दफ्तर इंदौर में सहायक ग्रेड तीन के 30 पदों पर भर्ती होगी।
प्रदेश से बाहर वाले 25 साल तक ही
इस परीक्षा के लिए आयु सीमा 18 से 25 साल रखी गई है। खुली प्रतियोगिता में 25 साल से ज्यादा उम्र वाले आवेदन नहीं कर सकेंगे। हालांकि प्रदेश के मूल निवासियों को आयु सीमा में 15 साल की छूट दी गई है। यानी प्रदेश के मूल निवासी का सर्टिफिकेट है तो 40 साल तक के आवेदक भी हिस्सा ले सकेंगे। महिलाओं और आरक्षित वर्ग के लिए छूट 20 साल तक की है। ये आवेदक 45 साल तक होने पर भी आवेदन कर सकेंगे।