25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेट्रोल पंपों में ‘2 घंटे’ में खत्म हो गया पेट्रोल, जिला प्रशासन ने किया ऐलान

Petrol- Diesel Shortage: जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में पेट्रोल डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

2 min read
Google source verification
Petrol- Diesel Shortage:

Petrol- Diesel Shortage: (Photo Source - Patrika)

Petrol- Diesel Shortage: युद्ध के चलते पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों के चलते शहर के पेट्रोल पंपों पर देर शाम को अचानक से भीड़ बढ़ गई। अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ देखकर कमी का अंदेशा लगाकर कई ऐसे लोग भी लाइन में लग गए, जिनके पास वाहनों में पर्याप्त पेट्रोल था। इससे स्थिति और गंभीर हो गई। महज डेढ़ से दो घंटे में ही शहर के कुछ पंप पर स्टॉक खत्म हो गया और पेट्रोल पंप को बंद करना पड़ा। इधर, प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की कमी को अफवाह बताया है।

अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई करेंगे

जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में पेट्रोल डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ट्रांसपोर्ट की दिक्कत के कारण कुछ पंप पर सप्लाई भी कम पहुंची थी। एसोसिएशन के सदस्यों के अनुसार, सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं है। देर शाम को रसोमा पेट्रोल पंप, किला मैदान पेट्रोल पंप, एयरपोर्ट रोड, विजय नगर, एलआइजी सहित अन्य पंप पर भीड बढऩे लगी। लगभग आधे घंटे में ही लंबी कतार नजर आई। पलासिया स्थित पेट्रोल पंप पर स्टॉक खत्म होने के कारण रात नौ बजे के लगभग ही उसे बंद करना पड़ा।

लगातार रखी जा रही निगरानी

बीते दिन मची अफरा-तफरी के बाद जिला प्रशासन सतर्क और सक्रिय हुआ है। संभावित अफवाहों और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई पेट्रोल पंपों को देर रात तक खुले रखने के निर्देश दिए। जिसके बाद बीती रात को भी पंप पर सप्लाई जारी रखी गई। वहीं बुधवार सुबह से ही डीपो से टेंकर्स की सप्लाई शुरू कराई गई। इधर बुधवार सुबह भी पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जुटी। कई पेट्रोल पंप पर विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस की ड्यूटी भी लगानी पड़ी।

प्रशासन के निर्देश पर एडीएम सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आपूर्ति विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी मंगलवार रात से ही फील्ड में पहुंच गए थे। लोगों को भी स्थिति से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ईंधन वितरण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी।

हर रोज 10 लाख लीटर पेट्रोल की खपत, पर्याप्त है स्टॉक

जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया इंदौर जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर पेट्रोल और 15 लाख लीटर डीजल की खपत हो रही है। जबकि पंपों पर करीब 42 लाख लीटर पेट्रोल और 65 लाख लीटर डीजल का भंडारण मौजूद है। जिले में ईंधन की किसी प्रकार की कमी नहीं है।

मांगलिया डीपो से लगातार आपूर्ति जारी

मांगलिया स्थित डिपो से भी ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर बुधवार सुबह 6 बजे से ही हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के डिपो पर टैंकरों में ईंधन भरने का कार्य तेज गति से शुरू कराया गया। सुबह 8 बजे तक हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 25, भारत पेट्रोलियम के 17 और इंडियन ऑयल के 19 टैंकर पेट्रोल पंपों के लिए रवाना कराए गए थे।

सुबह पांच बजे से हो रही निगरानी

प्रशासन की टीमें सुबह 5 बजे से ही मांगलिया डिपो और शहर के पेट्रोल पंपों पर निगरानी के लिए पहुंचे। ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और कहीं भी अव्यवस्था न हो। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं।