
रक्षाबंधन : फ्लाइट, ट्रेन, बस सब कुछ हुए फुल, तीन गुना तक वसूल रहे किराया, इतनी है वेटिंग
इंदौर. इस बार भी भाई-बहन का प्यार महंगा पडऩे वाला है। रक्षाबंधन करीब आते ही लंबी दूरी की बसों का किराया आसमान छू रहा है। ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है। रक्षाबंधन के पहले और ठीक बाद किराया दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। बस संचालकों की मनमानी को लेकर कलेक्टर ने कुछ वर्ष पहले लगाम भी कसी थी, लेकिन इस बार फि र बस संचालकों के हौंसले बुलंद हैं। यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। यह बस संचालक न ही प्रशासन के आदेश से डर रहे हैं और न ही परिवहन विभाग की कार्रवाई से।
3200 रुपए तक किराया
रक्षाबंधन करीब आते ही किराए में चार गुना तक बढ़ोतरी की जा रही है। रक्षाबंधन पर सभी बसें फुल हैं। हंस ट्रेवल्स का रक्षाबंधन दो दिन पहले तक आने पर पुणे-इंदौर का किराया नॉन एसी में 1500, एसी 2090 और मल्टीएक्सल में 3200 रुपए है। सामान्य दिनों में नॉन एसी-501, एसी- 701 और मल्टीएक्सल में 1001 रुपए किराया है। इसी तरह रक्षाबंधन के बाद इंदौर से किराये में बढ़ोतरी की जाती है। 18 अगस्त को इंदौर से हंस ट्रेवल्स के बस का किराया 3200 रुपए है। इस रूट पर चलने वाली अधिकांश ट्रेवल्स का किराया इसी तरह आसामान छू रहा है।
नहीं होती कार्रवाई
कांटे्रक्ट कैरीज पर डेली बस सर्विस चला रहे इन बस संचालकों की करतूत परिवहन विभाग के इंदौर ऑफिस से लेकर ग्वालियर तक के अधिकारियों को मालूम है, लेकिन आज तक किराये को लेकर विभाग ने कार्रवाई नहीं की है।
यह है नियम
इंदौर-पुणे, इंदौर मुंबई रूट पर दौड़ रहीं बसंे कांटे्रक्ट कैरीज पर चल रही हैं। यानी यह बसें सिर्फ पार्टी, पिकनिक के लिए ही अधिकृत हैं, लेकिन इंदौर के बस संचालक इसे परमिट की तर्ज पर चला रहे हैं। नियमानुसार इन बसों का किराया निर्धारण का नियम नहीं है, क्योंकि यह बसें पार्टी या गु्रप को लेकर जाती हैं।
चार्टर्ड भी कर रही लूट
इधर सिटी बस कंपनी के साथ अनुबंध पर चल रही चार्टर्ड बसें भी रक्षाबंधन में बढ़े ट्रैफिक का फायदा उठा रही हैं। रक्षाबंधन के दौरान किराया डबल तक कर दिया गया है। आम दिनों पुणे का किराया 1325 रुपए है, जबकि रक्षाबंधन के ठीक बाद 2100 रुपए कर दिया गया है। इस ट्रैवल्स के अन्य रूट पर ही यही स्थिति है।
पुणे की ट्रेन हो गई निरस्त
पुणे से सबसे ज्यादा इंदौर आने वाले यात्री ट्रेन से ही आते हैं, लेकिन महाराष्ट्र में हो रही लगातार बारिश के चलते पुणे-मुबंई की ओर से आने वाली कुछ ट्रेनों को रक्षाबंधन के दौरान भी निरस्त कर दिया गया है। पुणे से 13 और 14 अगस्त को चलने वाली पुणे-इंदौर एक्सप्रेस निरस्त है। 16 अगस्त को इंदौर से पुणे जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन भी निरस्त है। अन्य ट्रेनों में रक्षा बंधन के दौरान वेटिंग 100 से 250 तक है। इसी तरह फ्लाइट में भी किराया आम दिनों की अपेक्षा तीन से चार गुना अधिक वसूला जा रहा है।
Published on:
11 Aug 2019 04:04 pm
