
हादसों से निपटने का स्मार्ट मैनेजमेंट, आपके क्षेत्र में ही होंगे इंतजाम
इंदौर. आग लगने, जल जमाव, आंधी-बारिश से पेड़ व पुराने भवनों के गिरने सहित अन्य हादसों में त्वरित रूप से संसाधन नहीं पहुंचने से बचाव व राहत कार्य में देरी होती है। डिजास्टर मैनेजमेंट की व्यवस्था सेंट्रलाइज्ड है। इसमें बदलाव के लिए स्मार्ट सिटी ने स्मार्ट डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। सभी 19 जाेन पर स्मार्ट डिजास्टर मैनेजमेंट किट रखी जाएगी, ताकि रिस्पांस टीमें न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दें। किट में आपदा से निपटने के लिए सभी प्रारंभिक उपकरण रखे जाएंगे। प्रस्ताव स्मार्ट सिटी बोर्ड में रखा जाएगा। इस पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च आएगा।
पिछले दिनों पटेल नगर में हुए बावड़ी हादसे या राऊ की होटल में आग लगने पर संसाधनों की कमी और पहुंचने में लगे समय के कारण मुश्किल आई थी। इसी को देखते हुए स्मार्ट सिटी कंपनी डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत कम्युनिकेशन और फिजिकल सिस्टम विकसित करेगी। कम्युनिकेशन में ऐप की व्यवस्था होगी, ताकि लोग हादसे की सूचना तत्काल दे सकें। फिजिकल सिस्टम में सभी 19 जोन पर आधुनिक उपकरणों से लैस किट रखी जाएगी।
------------
मिनिमम टाइम के प्रयास
स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह का कहना है, हम मिनिमम टाइम कॉन्सेप्ट पर काम कर रहे हैं। 19 जोन पर स्माल फायर स्टेशन की उपयोगिता वाली किट रखकर ट्रेंड स्टाफ रखा जाएगा। बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद इसका टेंडर जारी करेंगे।
-----------
किट में होंगे ये उपकरण
वाटर मिस्ट सिस्टम हाई प्रेशर ट्राॅली के साथ: 50 लीटर का हाई प्रेशर वाटर मिस्ट और सीएएफ फायर इस्टींग्यूशर ट्राली में रहेंगे। इससे आग को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। यह धुंध की तरह पानी का छिड़काव करने में सक्षम होता है।
फायर फाइटिंग सिस्टम: इसकी कांबो यूनिट एससीबीए के साथ रहेगी। इस यूनिट में हाई प्रेशर मिस्ट और केफ फायर इस्टींग्यूशर रहेंगे। ब्रिथिंग एयर सिलेंडर भी रहेगा। अंदर जाने वाला व्यक्ति इसका उपयोग कर सकेगा।
जेनसेट के साथ एलईडी लाइट सिस्टम: एलइडी के साथ 4 मीटर हाइट का टाॅवर रहेगा। टेलिस्कोपिक सुविधा भी होगी। फास्टेक्ट प्रेशराइज्ड सिलेंडर: यह हेंडी स्प्रे डिवाइस होगा। इसका केमिकल पाउडर आग बुझाने के काम आएगा।
मल्टी यूज, मल्टीपर्पज फायर ब्लेंकेट: 5 मीटर के ये ब्लेंकेट छोटी आग को फैलने से रोकेंगे। रोप लांचर, लाइफ जैकेट, नोजल प्रोटेक्टर आदि उपकरण भी रहेंगे।
Published on:
26 May 2023, 1:30 PM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.