
e-challan
इंदौर। शहर के 28 चौराहों पर रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन (आरएलवीडी) के कैमरे लगे हैं। यहां रेड लाइट का पालन नहीं करने वाले वाहन चालक को 1800 रुपए का फटका लग सकता है। एक गलती के बाद ऐसे वाहन चालक की दूसरी गलतियां निकालकर अधिकतम 1800 रुपए का चालान बनाया जाता है। ट्रैफिक पुलिस का जोर वसूली पर है। पिछले साल करीब 25% वसूली हुई थी। इस साल शुरुआती 3 महीने में ही वसूली का आंकड़ा बढ़कर करीब 53% हो गया है।
इस तरह से बन रहा 1800 रुपए का चालान
एमटीएच कंपाउंड के ट्रैफिक थाना भवन परिसर में चल रहे ट्रैफिक मैनेजमेंट सेंटर (टीएमसी) से ई-चालान का कंट्रोल हो रहा है। एसीपी सुनील शर्मा के मुताबिक, शहर के 28 चौराहे रीगल, हाई कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, पलासिया, रेडिशन, खजराना, विजयनगर, महू नाका, कोठारी मार्केट, एमजी रोड थाना, मधुमिलन चौराहा, व्हाइट चर्च चौराहा, भंवरकुआं, नौलखा, टॉवर, गीता भवन, पलसीकर चौराहों पर कैमरे लगे हैं। सॉफ्टवेयर आधारित सिस्टम है, जैसे ही किसी वाहन चालक ने रेड लाइट को क्रॉस किया तो उसका फोटो गाड़ी नंबर के साथ सिस्टम में सेव हो जाता है। किसी वाहन चालक ने रेड लाइट तोड़ी तो फिर उसकी गाड़ी की पूरी जांच होती है। ऐसे वाहन चालक ने हेलमेट नहीं पहना है तो 300 रुपए और जुड़ जाते हैं। दोपहिया पर 3 सवारी बैठी हो तो उसके 500 रुपए और नंबर प्लेट नियम से नहीं लगे हैं तो उसके भी 500 रुपए भरने होंगे। ऐसे नियम तोड़ने पर 1800 का चालान बन जाता है।
6 टीवी स्क्रीन, कम्प्यूटर के जरिए चलता है सिस्टम
टीएमसी प्रभारी एसआइ पाटीदार के नेतृत्व में टीम ई-चालान को चेक करती है। नंबर के आधार पर आरटीओ से वाहन मालिक का नाम, पता मिल जाता है। ई-चालान डाक से भेजने के साथ ही फोन पर मैसेज भी होता है। वैसे तो प्रतिदिन 1000 ई-चालान बनते हैं, लेकिन गलती करने वालों के चालान हटाकर जानबूझकर नियम तोड़ने वाले 500 वाहनों के ई-चालान जारी कर दिए जाते हैं।
फोन कर बोल रहे, राशि भरो नहीं तो वाहन होंगे जब्त
डीसीपी मनीष अग्रवाल ने चार्ज लेने के बाद ई-चालान की वसूली सख्त कर दी है। चौराहों पर तैनात टीमों को ई-चालान वाले वाहन चालकों को नंबर दिए ह्रैं। वाहन मालिक को फोन कर ई-चालान की राशि भरने के लिए तकादा कर रहे हैं। चौराहे पर आकर चालन भरने अथवा घर जाकर वसूली करने पर जोर है।
ट्रैफिक पुलिस के आंकड़े से साफ है कि वर्ष 2022 में जहां 2.96 करोड़ के ई चालान जुर्माना की वसूली हुई थीं। वहीं वर्ष 2023 के शुरुआती 3 महीने में 1 करोड़ रु. का आंकड़ा पार कर गया है।
ये नियम तोड़ा तो इतने का बनेगा चालान
-500 तीन सवारी चलने पर
-500 नंबर प्लेट गलत तरीके से लगाने पर
-300 हेलमेट नहीं पहनने पर
-500 सिग्नल तोड़ने
Published on:
11 Apr 2023 01:28 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
