19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इंदौर एयरपोर्ट पर ‘T-1’ तैयार, अप्रैल से यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं

Indore Airport: टर्मिनल के उद्घाटन को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को उद्घाटन के लिए आमंत्रित करने की योजना है।

2 min read
Google source verification
Indore Airport

Indore Airport (Photo Source - Patrika)

Indore Airport: शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द ही नई सुविधा मिलने जा रही है। एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल का नवीनीकरण अब अंतिम चरण में है और इसे टर्मिनल-1 (टी1) के रूप में तैयार कर लिया गया है। योजना है कि अप्रैल की शुरुआत से यहां से एटीआर विमानों का संचालन शुरू कर दिया जाए।

वर्तमान में इंदौर एयरपोर्ट से करीब 36 एटीआर फ्लाइट संचालित हो रही हैं। इन सभी उड़ानों को नए टी-1 टर्मिनल से शिफ्ट करने की तैयारी है, जिससे मुख्य टर्मिनल पर दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक टर्मिनल पर जरूरी तकनीकी और सुरक्षा से जुड़े अधिकांश काम पूरे हो चुके हैं।

उद्घाटन को लेकर भी तैयारियां

इधर, टर्मिनल के उद्घाटन को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजराप्पु राममोहन नायडू को उद्घाटन के लिए आमंत्रित करने की योजना है। हाल ही में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने उनसे मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा भी की है। यदि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो अप्रैल से इंदौर एयरपोर्ट पर दो टर्मिनल टी-1 और टी-2 एक साथ संचालित होंगे।

इसी महीने के अंत से समर शेड्यूल भी लागू हो जाएगा। हालांकि अभी नई फ्लाइट की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अतिरिक्त स्पेस मिलने से भविष्य में नई उड़ानों की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। साथ ही रनवे अपग्रेडेशन का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इसके बाद एयरपोर्ट को 24 घंटे संचालन के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे इंदौर की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।

एक्स-रे मशीन और बैगेज स्कैनर लगाए गए

टी-1 में तीन अत्याधुनिक एक्स-रे मशीनें, बैगेज लाइन स्कैनर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों को उनके चेक-इन काउंटर भी अलॉट कर दिए गए हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर खुद इस पूरे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि तय समय-सीमा में काम पूरा हो सके।

प्रबंधन का लक्ष्य है कि मार्च के अंत तक सभी शेष कार्य पूरे कर लिए जाएं। इसके बाद डीजीसीए और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की टीम निरीक्षण कर अंतिम मंजूरी देगी। मंजूरी मिलते ही टर्मिनल को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।