
Farmer Beats Drum (Photo Source - Patrika)
MP News: मध्यप्रदेश के जिला मुख्यालय धार में संचालित एक निजी बैंक में एनओसी नहीं मिलने से परेशान किसान ने नए अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। बैंक खुलने के बाद ग्राम चंदावड़ निवासी किसान विजय पाटीदार ढोल और दोस्तों को लेकर बैंक में पहुंच गए। यहां पर काफी देर तक ढोल बजवाकर बैंक के अंदर डांस किया।
अचानक इस तरह की स्थिति को देखकर अधिकारी-कर्मचारी और ग्राहक हैरान हो गए। कुछ देर बाद बैंक के मैनेजर मौके पर पहुंचे और किसान को समझाइश दी गई। उन्हें शाम तक एनओसी देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ढोल लेकर किसान बैंक से बाहर हुआ। हालांकि छोल बजने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया कि अचानक हुआ क्या है।
प्रदर्शन को रोकने के लिए पहुंचे मैनेजर से किसान परिवार के सदस्यों की काफी बहस हुई। परिवार के सदस्यों का कहना था कि किसान कई मोर्चो पर परेशान चल रहे हैं। आर्थिक दिक्कतें चल रही है। इसके बावजूद समय पर ऋण चुकाया गया है, लेकिन एनओसी नहीं दी जा रही है। काम छोड़कर एनओसी मांगने के लिए आना पड़ता है।
बैंक मैनेजर द्वारा बताया गया कि केसीसी ऋण देने का विभाग और एनओसी जारी करने का विभाग अलग है, इसलिए देर लगी है। शाम तक दे दी जाएगी। किसान विजय पाटीदार का कहना है कि "अगर शाम तक उन्हें एनओसी नहीं दी गई, तो वह बैंक के बाहर धरने पर बैठकर आंदोलन करेंगे." किसान का यह अनोखा विरोध अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
किसान विजय पाटीदार ने बताया कि उनके द्वारा बैंक से 13 लाख रुपए का किसान क्रेडिट कार्ड लोन लिया गया था। डेढ़ माह पूर्व उनके द्वारा पूरा ऋण चुका दिया गया है। बैंक से ऋण पूर्ण चुकता का लेटर मांगा गया था, लेकिन डेढ़ माह से चक्कर लगवाए जा रहे हैं। इसके कारण उन्हें मजबूरी में इस तरह का प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने बैंक के किसानों के प्रति लापरवाह रवैये को लेकर भी दुख जताया है। पाटीदार ने कहा कि 24 घंटे में उन्हें एनओसी नहीं मिली तो वह बैंक के सामने धरना देंगे।
Updated on:
17 Mar 2026 05:19 pm
Published on:
17 Mar 2026 05:08 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
