इंदौर. घर से बुआ के घर जाने का कहकर निकली युवती को सरवटे इलाके से ऑटो चालक संदिग्ध परिस्थितियों में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां तीन दिन इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। परिवार ने ऑटो चालक पर ही संदेह व्यक्त किया है।
ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक, शुभम पैलेस कॉलोनी छोटा बांगड़दा में रहने वाली तमन्ना (23) पति जाकिर को 8 जून की दोपहर 3.30 बजे शानू पिता रमेश निवासी पालदा एमवाय अस्पताल में अचेत अवस्था में लेकर पहुंचा था। इलाज के दौरान मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई। बुआ के बेटे जावेद ने बताया, करीब चार साल पहले तमन्ना की शादी हुई थी। ससुराल व मायका शुभम पैलेस कॉलोनी में ही है। पति ड्राइवरी करता है, दोनों के बच्चे नहीं हैं। शानू नामक रिक्शा चालक अक्सर परिवार की महिलाओं को छोडऩे जाता था, जरूरत होने पर तमन्ना उसे कॉल कर बुला लेती थी।