
ईद पर पहनें ये गरारे और शरारे, आप पर ही टिकी रहेगी हर किसी की निगाहें
इंदौर. ईद का त्योहार नजदीक है और नए कपड़ों और नई सजधज के बिना त्योहार तो अधूरा ही लगता है, इसलिए इन दिनों महिलाएं ईद के लिए नई ड्रेसेस डिजाइन करवा रही हैं। वैसे फेस्टिवल में ब्राइट कलर्स पसंद किए जाते हैं, लेकिन मौसम गर्म होने से कुछ लाइट कलर्स में भी ड्रेसेस बनाई जा रही हैं। अक्सर त्योहार के दिनों में लोग वेस्टर्न के बजाय ट्रेडिशनल ही पसंद करते हैं, इसलिए गरारे, शरारे, घेरदार प्लाजो वगैरह इन हैं। दुपट्टों पर भी एंब्रॉयडरी वर्क या गोटा, लेस आदि से उन्हें हैवी बनाया जा रहा है।
फैशन डिजाइनर इशिता पांडे ने कहा, ईद पर उन्होंने जो ड्रेसेस तैयार की हैं उनमंे शरारे भी हैं और गरारे भी। गरारे के साथ कुर्ते की लेंथ कुछ कम होती है, यानी नीलेंथ या उससे कम, लेकिन शरारों के साथ काफी लंबे कुर्ते पहने जा रहे हैं। इशिता ने बताया, उन्होंने जो येलो ड्रेस तैयार की है उसमें प्योर जार्जेट फैब्रिक के कुर्ते, दुपट्टे और गरारे में गोटा पत्ती वर्क किया है। फेस्टिवल के लिए दुपट्टे को भी फैंसी रखा है। दुपट्टे पर गोटे की चौड़ी बॉर्डर लगाई गई है और पूरे दुपट्टे पर भी कुर्ते की तरह ही गोटा पत्ती वर्क है। कुर्ते की बाहें फुल हैं और उनमें जेंट्स शर्ट्स की तरह कफ और बटन रखे हैं, लेकिन कफ के ऊपर हल्की सी चुन्नट दे कर उसमें पफ क्रिएट किया है।
एक और डे्रस बेबी पिंक कलर में है, जिसमें बारीक गोटे से लेस वर्क किया है। इसमें पूरे ड्रेस पर वर्क के बजाय बॉर्डर से ही उसे अट्रेक्टिव लुक दिया है। कुर्ते की सिंपल लंबी आस्तीन हैं और आस्तीनों, नीचे घेर और गले में गोटे की लेस बॉर्डर की तरह लगाई है और प्लाजो में नीचे भी वैसी बॉर्डर दी है। इशिता कहती हैं कि वैसे फ्लोर लेंथ घेरदार कुर्ते भी इन हैं और फेस्टिवल के लिए इन्हें भी पसंद किए जा रहा है। ऑरगेंजा, टिशु और नेट के घेरदार कुर्ते भी प्लाजो के साथ पहने जा रहे हैं।
क्रोशिया निटिंग के प्लाजो
फैशन डिजाइनर उजैर परवेज ने बताया, ईद पर ट्रेडिशनल ड्रेसेस को ही मॉर्डन वेरिएशंस के साथ पहना जा रहा है। कुर्तों के कट्स में एसिमिट्रिक से लेकर अनइवन कट्स भी इन हैं। गरारे, शरारे के साथ-साथ क्रोशिया से बुने हुए प्लाजो भी ट्रेंड में हैं। क्रोशिया निटेड प्लाजो को लांग कुर्तों और क्रोशिया बॉर्डर के दुपट्टों के साथ टीम किया जा रहा है। ईद पर कराची वर्क के कुर्ते भी ट्रेंड में हैें। दुपट्टों पर टेसल्स यानी लटकन के जरिए फेस्टिव लुक क्रिएट किया जा रहा है। ये लटकन रेशम के धागों, फेदर या मोतियों से बनाए जा रहे हैं। मौसम गर्मी का है, इसलिए पिंक, लाइट ग्रीन, लाइट ब्ल्यू कलर ज्यादा इन हैं।
Published on:
30 May 2019 04:36 pm
