
Indore News : युवा कांग्रेस प्रभारी की चेतावनी...घर से निकलो और सक्रिय हो, वर्ना...
इंदौर. युवा कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी अखिलेश यादव कल इंदौर आए। उन्होंने शहर और ग्रामीण युवा कांग्रेस पदाधिकारियों सहित अन्य नेताओं की क्लास लगाई। इसमें उन्होंने सभी को चेतावनी देते हुए कहा कि सक्रिय हो जाओ, वर्ना पद मुक्त कर दिया जाएगा। साथ ही सीख अलग दी कि मैदान में उतरने से संगठन मजबूत होगा, न कि घर बैठकर। उन्होंने यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो और भारत जोड़ो यात्रा में युवा कांग्रेस की ताकत दिखे, इस पर ज्यादा जोर दिया।
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद चल रही है। इसके लिए यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अधिक से अधिक युवा जुड़ें, इसके लिए विधानसभावार प्रभारी बनाए गए हैं। इनके साथ ही शहर और जिला युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की क्लास कल प्रदेश प्रभारी अखिलेश यादव ने लगाई। पहले उन्होंने शहर युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों की क्लास गांधी भवन में ली। इस दौरान उन्होंने यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो अभियान के लिए विधानसभावार बनाए गए प्रभारियों को अपनी-अपनी विधानसभाओं में सक्रियता से काम करने का पाठ पढ़ाया। उन्होंने शहर और जिले में युवा कांग्रेस के कमजोर संगठन को लेकर गहरी चिंता जताई।
यादव का कहना था कि पदाधिकारियों के ठीक ढंग से काम न करने का ही परिणाम है कि कांग्रेस लगातार नौ बार से इंदौर लोकसभा सीट हारती आ रही है। मैदानी स्तर पर काम करना होगा, तभी संगठन मजबूत होगा। बैठकों में मुझे हार पहनाने और मेरे आगे-पीछे घूमने से संगठन मजबूत नहीं होगा, इसलिए मैदान में काम करें। उन्होंने कहा कि सक्रियता दिखाने वाले नेताओं को तवज्जो मिलेगी। काम न करने वालों को सीधे घर बैठा दिया जाएगा। यादव ने नायता मूंडला में रखी गई जिला युवा कांग्रेस की बैठक में भी ग्रामीण पदाधिकारियों को यही पाठ पढ़ाया। बैठक में अंकित ढोली, सौमिल नाहटा, जावेद खान, रमीज खान, दौलत पटेल, तत्सम भट्ट, स्वप्निल कांबले, अंकित दुबे, सरफराज अंसारी आदि मौजूद थे।
काम से नहीं हूं खुश
बैठक के दौरान प्रभारी यादव ने कुछ पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मैं आप लोगों के काम से खुश नहीं हूं। जो पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ को मजबूत करेगा, मैं उसके घर पर चाय पीने जरूर जाऊंगा। काम नहीं करोगे तो किसी के घर नहीं आऊंगा।
दिखना चाहिए युवा कांग्रेस की ताकत
यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो अभियान के साथ प्रभारी यादव ने भारत जोड़ो यात्रा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकल रही भारत जोड़ो पदयात्रा जब इंदौर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में प्रवेश करे तब युवा कांग्रेस की ताकत दिखना चाहिए, इसलिए अभियान के लिए विधानसभावार बनाए गए प्रभारी और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी मिलकर यात्रा का संदेश घर-घर देंगे। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को जोडक़र यात्रा में लेकर आएंगे।
नए लोगों की हो नियुक्ति
प्रभारी यादव के समक्ष कुछ पदाधिकारियों ने शहर और जिला युवा कांग्रेस में नई नियुक्ति करने की मांग रखी। कहना था कि जिन लोगों को पदाधिकारी बनाया गया है, उनमें से कई नेता पद लेकर घर बैठ गए हैं। इसका परिणाम संगठन भुगत रहा है, इसलिए जल्द से जल्द काम न करने वाले पदाधिकारियों को हटाकर नए लोगों को नियुक्त करना होगा। इस पर यादव ने जल्द ही पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा कर पदमुक्त करने की बात कही। उन्होंने यहां तक कह दिया कि किसी भी बड़े नेता की सिफारिश पर पदाधिकारी का निष्कासन निरस्त नहीं किया जाएगा।
Published on:
23 Sept 2022 10:48 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
