
MP News :मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के अंतर्गत आने वाली पाटन तहसील के टीमरी गांव में सोमवार को हुए जघन्य नरसंहार के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि, पुलिस ने 9 में से 7 आरोपियों को नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी से तो वहीं 2 आरोपियों को जबलपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों से हत्या कर फरार होने में इस्तेमाल किए वाहनों के साथ साथ कुछ हथियार जब्त किए हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले का खुलासा करते हुए पाटन पुलिस मे मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें पुलिस द्वारा बताया गया कि, अबतक 9 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के असल कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे पुराना विवाद माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पिछले चुनाव में भी दोनों पक्षों के बीच में विवाद हुआ था। यही नहीं दोनों के बीच में खेत से रास्ता देने और खेत में जुआ खिलाने को लेकर भी विवाद हो चुका है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, टिमरी तिराहे पर चाय की दुकान पर चंदन पाठक और मनोज साहू के बीच पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर विवाद हुआ था, जिसके चलते मनोज साहू ने अपने अन्य साथियों और रिश्तेदारों को फोन कर मौके पर बुला लिया। सभी हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और चंदन और कुंजन पाठक पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस दौरान बीच बचाव करने आए अनिकेत दुबे और समीर दुबे की भी हत्या कर दी। वहीं, मुकेश दुबे और विपिन दुबे पर भी जानलेवा वार किए, जिससे वो दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी क्रेटा कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस गिरफ्त में आए सभी 9 आरोपियों में पप्पू उर्फ नारायण साहू निवासी टिमरी, चंदू उर्फ चंद्रभान साहू निवासी टिमरी, दिनेश उर्फ दिन्नू साहू निवासी टिमरी, मनोज साहू निवासी टिमरी, सर्वेश साहू निवासी टिमरी, विवेक साहू निवासी टिमरी, अमित साहू निवासी टिमरी, प्रदीप साहू निवासी टिमरी, संदीप नामदेव उर्फ लाली उर्फ लुलिया निवासी टिमरी शामिल हैं।
हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कंट्रोल रूम में एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एक सवाल के जवाब में कहा कि इस समाज में अलग-अलग मानसिकता के लोग रहते हैं पुलिस सब की मानसिकता पर कंट्रोल नहीं लगा सकती, पुलिस कितना भी प्रयास कर ले फिर भी कुछ कुछ घटनाएं होती है। एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि, पुलिस को कानून में जो प्रावधान मिले हैं उसी के तहत काम करती है।
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि नूनसर पुलिस चौकी के अंतर्गत टीमरी गांव में हुई घटना को लेकर पुलिस वालों पर जो आरोप लग रहे हैं उसकी जांच के लिए भी एक टीम बना दी गई है जो इस बात का पता करेगी कि क्या वाकई में ग्रामीण और परिवार के द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं, उनमें कोई सच्चाई है। फिलहाल एसपी ने नूनसर पुलिस चौकी प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है।
Updated on:
29 Jan 2025 04:00 pm
Published on:
29 Jan 2025 09:32 am
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
