
ipl satta
जबलपुर। आईपीएल क्रिकेट के बीच शहर में सटोरिए लाखों का वारा-न्यारा कर रहे हैं। सट्टा सूत्रों की मानें तो शहर में रोज 30 से 40 करोड़ का दांव लग रहा है। इसमें सबसे अधिक युवा वर्ग शामिल हैं। क्राइम ब्रांच ने गोहलपुर और विजय नगर में स्थानीय पुलिस के साथ ताबड़तोड़ दो स्थानों पर दबिश देकर आईपीएल क्रिकेट सट्टा पकड़ा। दिल्ली और राजस्थान रायल्स के बीच हुए मुकाबले में दोनों ही स्थानों पर हर बाल पर दांव लगाया जा रहा था। दोनों स्थानों से चार लोग गिरफ्तार किए गए। वहीं 47 हजार रुपए नकदी सहित 13 मोबाइल, टीवी, सेट और लाखों का हिसाब वाली डायरी जब्त की है।
गोहलपुर टीआई रवींद्र कुमार गौतम ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर अमखेरा पेट्रोल पम्प निवासी आकाश श्रीवास्तव के घर में दबिश दी गई। उसके घर में टीवी, 12 मेबाइल, कनेक्टर, एक कॉपी, दो पेन सहित संदीप और डिम्पी ढल मिले। दोनों आनंद नगर अधारताल के रहने वाले हैं। उनके पास से 7070 रुपए और पांच लाख के लेन-देन वाली कॉपी जब्त की गई। ये आईपीएल सट्टा कांचघर निवासी संतोष उर्फ बंटी सिंधी संचालित करा रहा था। पुलिस ने तीनों को आरोपी बनाते हुए सट्टा एक्ट का प्रकरण दर्ज किया।
विजय नगर में फ्लैट में चल रहा था सट्टा
क्राइम ब्रांच ने इसके बाद विजय नगर क्षेत्र में कौशल्य होम में वैभव निगम के घर दबिश दी। वहां बैनर्जी नरघैया गलगला कोतवाली निवासी सागर अग्रवाल भी मौजूद था। दोनों हर बाल पर दांव लगा रहे थे। मौके से 40 हजार 290 रुपए नकदी, मोबाइल, टीवी, सेटटॉप बॉक्स, लाखों का हिसाब आदि जब्त किया।
निवाडग़ंज में शातिर सटोरिया नरेश ठाकुर के यहां दबिश में 13 गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने निवाडग़ंज गल्लीा मंडी पंचकोषी मंदिर के पास सट्टा खिलाए जाने की सूचना पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 13 जुआरियों को गिरफ्तार करते हुए मौके से 73 हजार 820 रुपए सहित नौ मोबाइल और लाखों का हिसाब वाली सट्टा-पट्टी भी जब्त किया। हालांकि इस बार भी मुख्य सरगना नरेश ठाकुर भागने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार मौके पर सिंघई कॉलोनी निवासी नरेश ठाकुर अंकों पर दांव लगवाते हुए सट्टा खिला रहा था। मौके से पियूष चौरसिया, संजय सिंह राजपूत, सुरेंद्र सिंधी, महेंद्र विश्वकर्मा, नरेश सोनकर, अनिल यादव, अनिल कुमार अग्रवाल, राजेश केशरवानी, अजय विश्वकर्मा, संतलाल रैकवार, अवेश जैन, सुनील माली, यमलेश स्वामी को गिरफ्तार करते हुए सभी के ख्लिाफ 4 (क) सट्टा एक्ट और 109 भादवि का प्रकरण दर्ज किया गया।
Published on:
10 Oct 2020 12:57 pm
