
Fire in furniture show room-15 fire brigade and 12 tankers put 45 trips in water
जबलपुर। शहर के रद्दीचौकी इलाके में स्थित फर्नीचर के तीन मंजिला शो-रूम में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। लपटें देखकर शोरूम के पीछे रहने वाले दहशत में घरों के बाहर निकल आए। मौके पर सैकड़ों की भीड़ लग गई। जानकारी मिलते ही तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया था। इसके बाद सुरक्षा संस्थानों के 5 फायर ब्रिगेड और नगर निगम के 12 टैंकर ने करीब 45 ट्रिप पानी डाला। इसके बावजूद लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर आंशिक नियंत्रण पाया गया। लेकिन इसके बाद भी कई घंटे तक रह-रह कर शोले धधकते रहे। इससे शोरूम के आसपास के मार्केट और पीछे की रहवासी कॉलोनी में दशहत बनी रही।
चारों ओर से नियंत्रण
रद्दी चौकी स्थित खंडेलवाल फर्नीचर में शाम 4.05 बजे आग भड़क उठी। 4.10 बजे सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। कुछ देर में ही आग तीनों मंजिलों में फैल गई। निगम के फायर अधीक्षक संदीप जायसवाल ने निगम के सभी दमकल वाहन सहित सुरक्षा संस्थानों के दमकल वाहन बुलवा लिए। शोरूम के सामने, पीछे व बगल में दमकल वाहनों को लगाकर आग पर काबू पाया जा सका। शोरूम के पीछे स्थित मकानों व बगल में स्थित मंदिर की छत से भी दमकल कर्मियों ने आग बुझाने की मशक्कत की।
वेल्डिंग की चिंगारी
खंडेलवाल फर्नीचर के संचालक राजकुमार खंडेलवाल शोरूम में सामने की ओर रेनोवेशन का काम करा रहे थे। बिल्डिंग के सामने के पूरे हिस्से में कांच आदि लगाने के लिए फ्रेमिंग चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान बिल्डिंग में वेल्डिंग का काम चल रहा था। आशंका जाहिर की जा रही है कि वेल्डिंग की चिंगारी गद्दे, फोम तक पहुंची, जिसके बाद आग ने फर्नीचर आदि पूरा सामान खाक कर दिया। फायर अधीक्षक संदीप जायसवाल ने बताया कि मौके पर वेल्डिंग का काम चल रहा था।
राज्यमंत्री-विधायक पहुंचे
मौके पर जमा लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सीएसपी सहित कई टीआई जवानों के साथ जुटे रहे। आदर्श जनकल्याण सेवा संगठन के शाहिद रंगरेज, रवीन्द्र वैष्णव, मजीद खान, आसिफ इकबाल सहित अन्य संगठन के लोगों ने मौके पर व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया। राज्यमंत्री शरद जैन, विधायक अंचल सोनकर, अपर कलेक्टर छोटे सिंह, उपायुक्त राकेश अयाची, सीएसपी इंद्रजीत बाकलवार, टीआई विपिन ताम्रकार, टीआई संजय शर्मा, टीआई केपी यादव आदि अधिकारी भी मौके पर पहुंच।
यातायात रोका
रद्दी चौकी से आधारताल तिराहे की ओर जाने वाले सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। दो घंटे बाद एक ओर की सड़क खोली गई। दमोहनाका से रद्दी चौकी की ओर चारपहिया वाहन नहीं जाने दिए जा रहे थे। गोलहपुर थाना से रद्दी चौकी की ओर दोपहिया वाहनों को नहीं जाने दिया गया।
कहां से कितने वाहन बुलााएं
नगर निगम - 9
ओएफके- 2
जीसीएफ- 1
वीएफजे- 1
जीआईएफ-1
केंट बोर्ड-1
निगम टैंकर- 12

Updated on:
03 Sept 2017 10:23 am
Published on:
03 Sept 2017 10:12 am
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
