जबलपुर. राष्ट्रीय पंचायत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नगर आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रोजाना वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक हो रही हैं। २३ व २४ अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर सर्किट हाउस, होटलों से लेकर सरकारी व निजी क्षेत्र के हॉस्टल के कमरे चिह्नित किए जा रहे हैं। जिससे अन्य लोगों को अब कमरे या होटल मिलना मुश्किल हो गया है। वहीं शादी विवाह के चलते लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है। शहर के करीब करीब सभी प्रमुख होटल व बड़े अपार्टमेंट बुक कर लिए गए हैं। ऐसे में जिन लोगों ने शादी या अन्य आयोजन के लिए जगह खोजी है, वे निराश और परेशान हैं। पीएम के आगमन को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद की जा रही है।