
MP police
MP police : जेल से रिहा होने के बाद नाइजीरियन ठग अनुबिरी ऊर्फ ब्राउनी (43) 25 दिन से सिविल लाइंस पुलिस का ‘मेहमान’ बना हुआ है। वह थाने में ही रहता है। थाने के स्टाफ के घरों से आया खाना खाता है। स्टाफ ही उसके लिए कपड़े की व्यवस्था करता है। फर्राटेदार हिन्दी बोलने वाले ब्राउनी को उसके देश भेजने की तैयारी की जा रही है। उसका वीजा तैयार होते ही पुलिस केंद्र सरकार के माध्यम से उसे नाइजीरिया भिजवाएगी। ब्राउनी ने बताया कि देश लौटने के बाद वह शादी करेगा। सिविल लाइंस पुलिस को भी समारोह में बुलाएगा।
विजय नगर निवासी एक महिला की वर्ष 2018 में मेट्रीमोनियल साइट पर एक युवक से पहचान हुई। उसने खुद को एनआरआई बताया। दोनों के बीच शादी की बात तय हुई। इसके बाद हरेंद्र सिंह, बद्रीश मिश्रा और शिवम गुप्ता ने मिलकर महिला से 16 लाख रुपए ऐंठ लिए।
MP police : एफआइआर दर्ज होने के बाद साइबर सेल ने हरेंद्र, बद्रीश और शिवम समेत ब्राउनी को 2018 में ही गिरफ्तार कर लिया था। छह साल तक जिला आदलत में मामला चला। इसके चलते ब्राउनी जेल में बंद रहा। हाल ही में उसे न्यायालय ने दोषमुक्त किया। जिला न्यायालय से उसकी रिहाई का आदेश जेल प्रशासन के पास पहुंचा। मामला विदेशी नागरिक से जुड़ा था, इसलिए जेल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी। सिविल लाइंस पुलिस जेल से रिहा होने के बाद उसे अपने साथ ले गई। पुलिस ने केंद्र सरकार और सामान्य प्रशासन विभाग से पत्राचार कर ब्राउनी की पूरी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ब्राउनी वर्ष 2015 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। दिल्ली में वह कपड़ा बेचता था। इस दौरान उसकी दोस्ती बद्रीश, शिवम और हरेंद्र से हुई। तीनों ऑनलाइन ठगी करते थे। ब्राउनी दिल्ली में इनके साथ ही किराए के मकान में रहता था। स्टेट साइबर सेल का दावा था कि ब्राउनी का काम महिलाओं से फर्जी प्रोफाइल बनाकर उनसे अंग्रेजी में बातचीत कर फंसाना था।
MP police : जेल से रिहा होने के बाद से ब्राउनी को सिविल लाइंस थाने में रखा गया है। दूतावास से सम्पर्क किया गया है। वीजा तैयार होते ही नाइजीरिया भेजा जाएगा।
Updated on:
11 Aug 2024 01:06 pm
Published on:
11 Aug 2024 12:38 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
