
जगदलपुर में बड़ा हादसा (photo source- Patrika)
Road Accident News: लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के घोटिया चौकी अंतर्गत ढाबामारी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें पिकअप वाहन में सवार ग्रामीण दुर्घटना का शिकार हो गए। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 37 ग्रामीण घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिरिसगुड़ा गांव के ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर ओरछा के रेंगाबेड़ा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय ढाबामारी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो ग्रामीणों की जान चली गई, जबकि अन्य कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना है। मृतकों की पहचान सिबो और मिटको के रूप में की गई है।
प्राथमिक जांच में हादसे की मुख्य वजह वाहन में क्षमता से अधिक लोगों का बैठना और संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिकअप में तय सीमा से कहीं अधिक ग्रामीण सवार थे, जिससे वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो गया और यह दुर्घटना घटित हो गई।
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे एक दिन पहले भी ओवरलोडिंग के कारण एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें करीब 50 ग्रामीण एक ट्रैक्टर में सवार होकर मेले में जा रहे थे। ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 15 लोग घायल हो गए थे, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सख्ती की कमी साफ दिखाई दे रही है, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
07 Apr 2026 11:07 am
Published on:
07 Apr 2026 11:07 am
