
BPCL कर्मचारी ने नस काटकर दी जान (photo source- Patrika)
BPCL Employee Suicide: छत्तीसगढ़ के Jagdalpur शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अतुल शर्मा (28) के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड रेंजर जितेंद्र शर्मा का बेटा था और Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) में कार्यरत था।
जानकारी के मुताबिक, अतुल शर्मा पिछले कुछ समय से जगदलपुर के लालबाग इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। बीते 2-3 दिनों से उसके कमरे का दरवाजा बंद था। शुक्रवार सुबह कमरे से तेज बदबू आने लगी, जिससे मकान मालिक को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई। अंदर का मंजर बेहद भयावह था—फर्श पर खून फैला हुआ था और बिस्तर पर अतुल का शव पड़ा मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या की है।
अतुल शर्मा मूल रूप से Raipur के पुरानी बस्ती क्षेत्र का निवासी था। वह नौकरी के सिलसिले में जगदलपुर में रह रहा था और BPCL में कार्यरत था। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका है।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी। यह घटना न केवल एक परिवार के लिए गहरा सदमा है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर सवाल खड़ा करती है कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बनती हैं, जहां युवा इस तरह का कदम उठाने पर मजबूर हो जाते हैं।
वहीं बीते दिनों बिलासपुर शहर के कोनी क्षेत्र स्थित रिव्हर व्यू कॉलोनी में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय लॉ की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रायगढ़ निवासी सृष्टि गुप्ता के रूप में हुई है, जो यहां किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मिली जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल की सुबह छात्रा के परिजनों ने उसे फोन किया था। इस दौरान पढ़ाई को लेकर उसे डांट लगाई गई थी, जिससे वह काफी व्यथित बताई जा रही थी।
Updated on:
17 Apr 2026 05:23 pm
Published on:
17 Apr 2026 05:23 pm
