जगदलपुर

CG Election 2023 : बस्तर के लिए BJP ने खोला घोषणाओं का पिटारा.. तेंदुपत्ता संग्रहकों को 5500 रुपए देंगे, महुआ और इमली खरीदी की नीति बनाएंगे

CG Assembly Election 2023 : भारतीय जनता पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव 2023 के लिए शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया गया।

3 min read
Nov 04, 2023
तेंदुपत्ता संग्रहकों को 5500 रुपए देंगे, महुआ और इमली खरीदी की नीति बनाएंगे

जगदलपुर। CG Assembly Election 2023 : भारतीय जनता पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव 2023 के लिए शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया गया। रायपुर के भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से गृहमंत्री अमित शाह ने घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में दो पेज अलग से बस्तर से जुड़े हुए हैं। यहां की लंबित मांगों पर भाजपा ने फोकस किया है। वनवासियों को विशेष रूप से साधने की कोशिश की गई है।

वनवासियों की आजीविका बढ़ाने के लिए भाजपा ने एक रोडमैप प्रस्तुत किया है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में पिछले कार्यकाल में बस्तर के लिए किए गए कामों का भी ब्योरा दिया है और आगे जो करेंगे उस बारे में भी बताया है। प्रदेश स्तर की जो घोषणाएं उससे भी बस्तर की जनता को फायदा मिल सकता है। जिसके तहत-कृषि उन्नति योजना के तहत 3100 रुपए में धान खरीदी की जाएगी।

यह भी पढ़ें : cg election 2023 : मतदान के दिन लाल आतंक से निपटने की तैयारी, हेडिंग- मोहला-मानपुर को दो जोन में बांटकर देंगे सुरक्षा

21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी होगी, जिसका एक मुश्त भुगतान किया जाएगा। सालाना 12 हज़ार रुपये महीना हर विवाहित महिलाओं को दिया जाएगा। भाजपा ने प्रदेश में एक लाख खाली पदों को दो साल के भीतर भरने की भी घोषणा की है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जाएंगे।

बस्तर के लिए की गई प्रमुख घोषणाएं
1. तेंदूपत्ता संग्रहण 5 हजार 500 रुपये प्रति मानक दर पर किया जायेगा।

2. अतिरिक्त संग्रहण करने वालों को 45 सौ रुपये का बोनस देंगे।
3. संग्राहकों के लिए चरण पादुका योजना दोबारा शुरू होगी।

4. जनजातीय परिवारों की आजीविका में वृद्धि के लिए दो बकरियां देंगे।
5. फडं मुंशियों को कमीशन के अतिरिक्त 25 हजार रुपए सालाना देंगे।

6. जनजातीय कल्याण के लिए 5 लाख वनाधिकार पट्टे बांटेंगे।
7. आदिवासी छात्रों के लिए 100 विश्व स्तरीय आवासीय विद्यालय बनाएंगे।

8. महुआ खरीदी की नीति बनाएंगे। महुआ अनुसंधान और विपणन केंद्र बनाएंगे।
9. इमली खरीदी नीति तैयार करेंगे। नई तकनीक से इसका उत्पाद बढ़ाएंगे।

10. जनजातीय कृषकों से फसल की सीधी खरीदी सुनिश्चित करेंगे।
11. प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए बस्तर में छात्रावास स्थापित करेंगे।

नया उद्योग स्थापित करने पर युवाओं को मिलेगी 50 फीसदी सब्सिडी

भाजपा के घोषणा पत्र में किसानों और आदिवासियों के अलावा इनोवेटिव आइडिया वाले युवाओं के लिए भी घोषणाएं की गई हैं। नया उद्योग डालने वाले युवाओं को पचास फ़ीसदी की सब्सिडी दी जाएगी। रायपुर में इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनेगा। इसके अलावा भूमिहीन किसानों को दस हज़ार रुपये सालाना दिया जाएगा। आयुष्मान भारत में प्रति परिवार का पांच लाख का बीमा। पीएससी में पारदर्शिता लाई लाएगी। भर्ती घोटाला करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। छह लाख रोजगार पैदा करेंगे। पांच सौ रुपये में गैस सिलेण्डर दिया जाएगा। घोटाल की जांच कराई जाएगी. नया जांच आयोग बनेगा, आपराधिक मामलों की भी जांच होगी। सभी संभाग में सिम्स बनाकर रोजगार युक्त पढ़ाई-लिखाई और स्वाथ्य को ताकत देगी। एकल खिडक़ी योजना बनाकर इन्वेस्टमेंट लाया जाएगा. शक्तिपीठ परियोजना बनाई जाएगी, जिसमें पांच शक्तिपीठ को जोड़ा जाएगा। राम लला दर्शन योजना लाई जाएगी।

समय कम इसलिए दिन-रात घोषणा पत्र वायरल करने के निर्देश

बस्तर में पहले चरण के चुनाव के लिए अब महज चार दिन ही बचे हुए हैं। ऐसे में बेहद कम समय में ज्यादा से ज्यादा वोटरों तक भाजपा अपनी बात और घोषणा पत्र पहुंचाने की अलग रणनीति पर काम कर रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा के आईटी सेल से यह स्पष्ट कह दिया गया है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार घोषणा पत्र को वायरल करें ताकि इसे ज्यादा से ज्यादा लोग देख पाएं।

Also Read
View All

अगली खबर