
Election Results 2024: लोकसभा चुनाव की मतगणना की प्रक्रिया 4 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। बस्तर जिले के अंतर्गत धरमपुरा स्थित मॉडल कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतगणना होगी। वहीं सभी जिले में बनाए गए स्ट्रांग रूम में भी मतगणना होगी। इससे पहले सोमवार का बस्तर संसदीय क्षेत्र के लिए मतगणना करने वाले कर्मियों को रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कलेक्ट्रेट में ट्रेनिंग दी। इस दौरान बताया गया कि मतगणना के दौरान किन बातों का ध्यान रखना है और क्या करना है और क्या नहीं।
इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. ने मतगणना कार्य को संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस कार्य को शत-प्रतिशत सही एवं त्रुटि रहित संपन्न करवाने के लिए मतगणना की प्रत्येक प्रक्रिया की जानकारी लें। मतगणना प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण ढंग से निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाने प्रशिक्षण में हर पहलुओं को बारीकी से समझें और शंका होने पर मास्टर्स ट्रेनर्स से पूछकर अवश्य समाधान करें।
कलेक्टर ने कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में निर्वाचन कार्यालय के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा समस्त सहायक रिटर्निंग आफिसर्स, मतगणना सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स, प्रत्येक विधानसभा हेतु मास्टर ट्रेनर एवं टेबुलेशन प्रभारी अधिकारी, पोस्टल बैलेट नोडल अधिकारी, ईवीएम नोडल अधिकारी, सुरक्षा नोडल अधिकारी और प्रोग्रामर को दी जा रही प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उक्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोकसभा निर्वाचन के तहत संलग्न सभी अधिकारियों को सफलतापूर्वक मतदान संपन्न करवाने के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों ने हाल ही में विधानसभा निर्वाचन में मतगणना कार्य को संपन्न करवाया है, उसी तर्ज पर लोकसभा निर्वाचन में कार्य को संपादित किया जाना है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के मतगणना में प्रत्येक राउंड वाईस रिपोर्टिंग के लिए सभी एआरओ आपस में समन्वय कर डाटा अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा मतगणना हेतु रिजर्व दल की व्यवस्था को अंतिम गणना तक बनाए रखने के निर्देश दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में अलग-अलग जिलों के अधिकारी मौजूद रहे। निर्वाचन कार्यालय रायपुर से पहुंचे मास्टर ट्रेनर्स यूएस अग्रवाल, रश्मि वर्मा, प्रणव सिंह और अखिलेश आहूजा ने मतगणना प्रक्रिया के लिए आवश्यक तैयारियों, स्ट्रॉग रूम से मतपेटियों की मतगणना स्थल हेतु रवानगी, मतगणना स्थल की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन, गणना हेतु कर्मचारियों की व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन, मतगणना स्थल की वीडियोग्राफी की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
इसके अलावा मतगणना स्थल का डेमो का प्रदर्शन कर मतगणना कार्य की जानकारी दी गई। उन्होने कहा कि मतगणना प्रक्रिया सहित पूरी तरह से मतगणना कक्ष, मतगणना परिसर, स्ट्रांग रूम में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधि सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में रहेगी। मतगणना स्थल पर मोबाईल और अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशिक्षण में मतगणना केन्द्र एवं मतगणना कक्ष के आधारभूत संरचना एवं बैठक व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। मतगणना 4 जून को विधानसभावार अलग-अलग की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ईव्हीएम गणना के लिए 14-14 टेबल की व्यवस्था की जाएगी। परिणाम की घोषणा जगदगलपुर से की जाएगी। इस दौरान सभी अधिकारियों ने मतगणना कार्य के लिए अभ्यास करके देखा तथा मतगणना कार्य के दौरान आने वाली शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
21 May 2024, 2:51 PM IST
Published on:
21 May 2024, 2:51 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़




