
जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के जोड़-तोड़ में जुटी पार्टियां, कल होगा जनपदों में चुनाव, इन दो पार्टियों में होगी कांटे की टक्कर
जगदलपुर. बस्तर जिले के सात जनपदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्षों का चुनाव गुरुवार को यानी कल होना है। ऐसे में पार्टियां इनके जोड़ तोड़ में लग गए हैं। ज्यादातर जनपदों में कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर देखी जा रही है। कई जनपदों में अब मामला अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद में फंस गया है। अपना समर्थन देने के लिए निर्णायक प्रत्याशी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद की मांग कर रहे हैं। यही वजह है कि चुनाव के लिए ४८ घंटे से भी कम का समय बचा हैं लेकिन पार्टियों में अपनी जीत को आश्वस्त नहीं हैं और जद्दोजहद में लगे हुए हैं। गौरतलब है कि जनपद चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। सभी सात जनपदों में गुरुवार को चुनाव होने हैं। ऐसे में जिला पंचायत में करारी हार के बाद कांग्रेसियों ने भी जनपद चुनाव को लेकर कमर कस ली है और वे अपनी पार्टी के अध्यक्ष बनाने के लिए ग्राउंड में मेहनत भी कर रहे हैं। वहीं लगातार हार का मुंह देख रही भाजपा को भी इस जिला पंचायत में मिली जीत ने जोश भर दिया है और बड़े नेता जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं। लेकिन यह मेहनत कितनी काम आती है यह गुरुवार को ही पता चलेगा। पाटी सूत्रों की माने तो जिला पंचायत चुनाव में एक दूसरे को निपटाने की राजनीति में कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। इसे लेकर पीसीसी ने जिला संगठन को फटकार लगाई है।
नेताओं के साथ सैर-सपाटे पर निकले प्रत्याशी
खरीद-फरोख्त के डर से दोनों ही पार्टियों के नेता अपने विजेता जनपद सदस्यों को सैर सपाटे पर लेकर निकल गए हैं। इसमें भाजपा और कांग्रेस के नेता भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नेता भी चाह रहे हैं कि उनके जीते हुए प्रत्याशी विपक्षी नेताओं के संपर्क में न आए इसलिए पिछले तीन से यह प्रत्याशी सैर पर हैं और चुनाव वाले दिन ही लौटेंगे।
पीसीसी ने जनपदों के लिए तय किए पर्यवेक्षक
जनपद पंचायत की स्थिति को देखते हुए कांग्रेस कमेटी ने सभी सात जनपदों के लिए अपने पर्यवेक्षकों की घोषणा कर दी हैं। साथ ही इन्हें जिम्मेदारी दी गई है कि वे सभी सातों सीटों पर अध्यक्ष बनाने के लिए जुट जाएं। इसमें जगदलपुर की जिम्मेदारी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम, दरभा के लिए महापौर सफीरा साहू, बस्तर में राजेश दीवान, लोहांडीगुड़ा में ओंकार सिंह जायसवाल, बास्तानार के लिए ईश्वर खंबारी, बकावंड के लिए शंकरलाल धु्रवा और तोकापाल के लिए सामू कश्यप को पर्यवेक्षक बनाया है।
दरभा और तोकापाल में फंस रहा पेंच, दोनों की स्थिति 50-50
जनपद चुनाव में सबसे ज्यादा पेंच दरभा ओर तोकापाल में फंसा हैं। पत्रिका को मिली जानकारी के मुताबिक १३ सीट वाले तोकापाल में ६ कांगे्रस तो ६ पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत हुई है। वहीं एक निर्दलीय बताया जा रहा है। इस एक प्रत्याशी से दोनों ही पार्टियों के लोग संपर्क कर रहें हैं। मौके की नजाकत को समझते हुए इस प्रत्याशी ने भी अध्यक्ष पद की मांग सामने रख दी है। अब दोनो ही पार्टियां अपनी जीत के लिए के लिए इन्हें मनाने में लगे हुए है। दरभा में दोनों ही पार्टियों के ५-५ समर्थित प्रत्याशी ने जीत हासिल की हैं। ऐसे में यहां अध्यक्ष पद किसके हाथ लगता है यह देखना दिलचस्प होगा।
जिला पंचायत में भले ही बेहतर नतीजे न आए हों लेकिन जनपद में हमारी पकड़ मजबूत है। सभी जनपदों में कांग्रेस का अध्यक्ष बनेगा।
राजमन बेंजाम, कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष
पंचायत चुनाव में कांग्रेस सरकार के झूठे वायदों के आधार पर मतदाताओं ने वोट दिए हैं। जनपद सदस्य के पद पर भी बड़ी संख्या में हमारे सदस्य जीते हैं। अब जनपदों में भी भाजपा का कब्जा होगा।
बैदूराम कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष
Published on:
12 Feb 2020 01:50 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
