
जगदलपुर में जलसंकट का अलर्ट! (Photo - patrika )
Jagdalpur Water Supply: जगदलपुर जिले में नए जलशोधन संयंत्र को पाइपलाइन से जोड़ने के लिए होने वाले तकनीकी इंटरकनेक्शन कार्य का असर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ने वाला है। नगर पालिक निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में 24 अगस्त से 9 सितंबर तक कुल 10 दिनों में निर्धारित तिथियों पर पानी की सप्लाई बंद रहेगी। इस दौरान सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक जलापूर्ति बाधित रहेगी। यानी शहर के लोगों को करीब दो सप्ताह की अवधि में अलग-अलग दिनों पर पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
निगम प्रशासन ने कार्य की अवधि में जरूरत के अनुसार कमी या वृद्धि की संभावना जताई है। ऐसे में यदि तकनीकी काम तय समय से आगे बढ़ता है तो जलसंकट की अवधि भी बढ़ सकती है। निगम ने नागरिकों से असुविधा से बचने के लिए पहले से पर्याप्त पेयजल का भंडारण करने की अपील की है।
इंटरकनेक्शन कार्य को अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके तहत 24 और 25 अगस्त, 29 और 30 अगस्त, 2 और 3 सितंबर, 5 और 6 सितंबर तथा 8 और 9 सितंबर को संबंधित क्षेत्रों में शटडाउन रहेगा। सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण घरेलू कामकाज, दुकानों, छोटे व्यवसायों, स्कूलों और अन्य दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। खासकर उन परिवारों के सामने ज्यादा परेशानी आ सकती है, जिनके पास पर्याप्त पानी के भंडारण की सुविधा नहीं है। राखी, सावन सोमवार के बीच पानी की किल्लत से शहरवासियों को तकलीफ मा सामना करना पड़ेगा।
पहले चरण में 24 और 25 अगस्त को तेतरकुटी, एलआईसी एवं एसटी/एससी थाना टंकी से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी। इसके तहत तेतरकुटी, गैरेज लाइन, अघनपुर, एमपीएम रोड, परपा नाका पंचायत घेरा, धरमपुरा क्रमांक 1 व 2, कंगोली रोड, एलआईसी रोड, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेंद्र नगर की लाइनें प्रभावित होंगी।
इसके बाद 29 और 30 अगस्त को इंडस्ट्रियल एरिया और बीएसएनएल टंकी से जुड़े क्षेत्रों में पानी की सप्लाई रोकी जाएगी। इस दौरान मदर टेरेसा कॉलोनी, वर्धमान कॉलोनी, डॉ. रिजवी लाइन, साकेत कॉलोनी और दंडकारण्य के आसपास के इलाकों में लोगों को पानी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी।
सितंबर की शुरुआत में भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। 2 और 3 सितंबर को शहीद पार्क और भंगाराम टंकी क्षेत्र के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, निर्मल विद्यालय घेरा और वीर सावरकर वार्ड में शटडाउन रहेगा। वहीं 5 और 6 सितंबर को पावर हाउस टंकी से जुड़े विजय वार्ड, पनारापारा, शिवमंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, सदर वार्ड और सुभाष वार्ड में पानी का प्रवाह बंद रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम चरण में 8 और 9 सितंबर को सिटी ग्राउंड टंकी और पानी टंकी से जुड़े महारानी वार्ड, शांति नगर, मदर टेरेसा, गुण्डाधुर और प्रतापदेव वार्ड प्रभावित होंगे।
निगम प्रशासन के अनुसार इंटरकनेक्शन कार्य की प्रगति के आधार पर निर्धारित शटडाउन की अवधि में आवश्यकतानुसार कमी या वृद्धि की जा सकती है। ऐसे में तकनीकी कार्य तय समय से अधिक चलने पर जलापूर्ति बाधित रहने की अवधि भी बढ़ सकती है। लगातार अलग-अलग दिनों में पानी की सप्लाई बंद होने से शहरवासियों को पेयजल के साथ-साथ रोजमर्रा के घरेलू कामों के लिए भी अतिरिक्त पानी जुटाने मशक्कत करनी होगी।
Updated on:
22 Aug 2026 04:00 pm
Published on:
22 Aug 2026 04:00 pm
