
इस बार 31st December मंगलवार को, कैसे होगा New Year Celebration, शराब की जगह इसे अपनाए
हर्षित जैन / जयपुर. नए साल की पूर्व संध्या पर शहर में करीब 100 स्थानों पर लोगों को गरम मीठा दूध पिलाकर नववर्ष की शुभकामनाएं देकर शराब से दूर रहने के लिए आमजन को जागरूक किया जाएगा। शराब सहित विभिन्न नशों को छोडऩे के संदेश के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा करने और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का आह्वान भी किया जाएगा। ज्यादातर जगहों पर मिट्टी के सिकोरों और कागज के गिलास में दूध पिलाकर संदेश दिया जाएगा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के गिलास से दूर रहना है। पौषबड़ा महोत्सव की तर्ज पर शहर के हर वार्ड में दूध पिलाने के आयोजन होंगे। कई स्थानों पर दूध के साथ जलेबी भी खिलाई जाएगी। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर दूध वितरण स्थलों पर भजन संध्या और सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।
मुख्य आयोजन जेएलएन मार्ग स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर होगा। इंडियन अस्थमा केयर सोसायटी और राजस्थान युवा छात्र संस्था के बैनर तले इस बार 8000 लीटर दूध की व्यवस्था रहेगी। सोसायटी के सचिव धर्मवीर कटेवा ने बताया कि पर्यावरण की चिंता को देखते हुए दूध का वितरण कागज के गिलास और मिट्टी के सिकोरों में किया जाएगा। इस बार एक लाख गिलास की व्यवस्था रहेगी। लोटस डेयरी के चेयरमैन अशोक मोदी ने बताया कि डेयरी की ओर से गर्म और मीठे दूध की व्यवस्था रहेगी। इस बार प्रयास रहेगा कि लोगों को आर्गेनिक दूध पिलाया जाए। उक्त संस्था 2003 से दूध पिला रही है। शुरुआत शाम 6 बजे से होगी। सीकर रोड पर सन एंड मून टॉवर के पास श्याम भजन साथ दूध महोत्सव मनाया जाएगा। झोटवाड़ा रोड के चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, छोटी चौपड़ पर भी दूध महोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।
संस्कृति युवा संस्था और अन्य सामाजिक संगठनों की ओर से शराब की दुकानों के बाहर 3500 लीटर दूध पिलाया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष पं.सुरेश मिश्रा ने बताया कि लोगों से शराब से नाता तोड़ो, दूध पिलाकर सेहत बनाओ का आग्रह किया जाएगा। इस अभियान के तहत दुर्गापुरा, सांगानेर, शास्त्री नगर, आमेर रोड, सिरसी रोड पर 11 दुकानें भी चिन्हित की गई है।
मिल्क क्लब ऑफ राजस्थान की ओर से सांगानेर विधानसभा के सभी 13 वार्डों में 5000 लीटर दूध पीलाकर नव वर्ष का स्वागत किया जाएगा। एसएफएस चौराहे और सांगानेर नगर निगम रोड पर मुख्य आयोजन में गुनगुने दूध और गर्मागर्म जलेबी के साथ नववर्ष की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दी जाएंगी। संयोजक पुष्पेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। वहीं थड़ी मार्केट पर भी 1000 लीटर दूध पिलाया जाएगा।
वैशाली नगर के आम्रपाली सर्किल के पास लोकेश चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जनता को दूध पिलाया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर कई संदेश दिए जाएंगे।
जनता कॉॅलोनी विकास समिति की ओर से संगीतमय शाम के साथ दारू छोड़ो, दूध पीयो कार्यक्रम जनता कॉॅलोनी दीनदयाल सर्किल स्थित मेला मैदान पर होगा। अध्यक्ष गोपेश्वर गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर कई कलाकार पुराने नए गीतों की प्रस्तुति देंगे।
गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव सत्संग सभा, प्रतापनगर कॉलोनी, जवाहर नगर, टोंक रोड नपसभा के सचिव अमरदीप सिंह ने बताया कि टोंक रोड ग्लास फैक्ट्री के पास रात 9 से 12 बजे तक दूध पिलाया जाएगा।
राजस्थान प्रदेश यूथ कांग्रेस की ओर से युवाओं को नशा मुक्त करने का संदेश देने के साथ पानीपेच तिराहे पर एक शाम दूध और संगीत के नाम कार्यक्रम होगा।
Updated on:
27 Dec 2019, 5:31 PM IST
Published on:
27 Dec 2019, 5:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.