
मिलावटी पनीर को गड्ढा खुदवाकर नष्ट करवाती पुलिस। फोटो- पत्रिका
पुलिस मुख्यालय के आदेश पर जमवारामगढ़ थाना पुलिस की ओर से करायी 'ए' श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अलवर से जयपुर सप्लाई होने जा रहे नकली पनीर की बड़ी खेप पकड़ी व दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण आनन्द शर्मा ने बताया कि 15 व 16 जुलाई को पुलिस मुख्यालय के आदेश पर ए श्रेणी की नाकाबंदी थाना मोड़ पर थानाधिकारी रामपाल शर्मा की अगुवाई में की गई।
इस दौरान थाना पुलिस ने जयपुर की तरफ जा रही पिकअप को रुकवाया तथा तलाशी ली। पिकअप में 12 बक्सों में पनीर भरा हुआ था। थाना पुलिस ने संदेश होने पर पिकअप सवार दो जनों को डिटेन कर लिया तथा खाद्य सुरक्षा विभाग जयपुर की टीम को जांच के लिए बुलवाया। फूड इंस्पेक्टर लोकेश शर्मा व विशाल मित्तल ने टीम के साथ पनीर की जांच की तो सारा पनीर मिलावटी निकला। बारह बक्सों में 540 किलो पनीर था।
थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि मिलावटी पनीर को पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया तथा पिकअप सवार दोनों आरोपियों को मिलावटी पनीर बनाने, बेचने तथा परिवहन करने के आरोप में अरसद मेव पुत्र समसु निवासी नगीन मेवात फिरोजपुर, झिरका हरियाणा व अलीम पुत्र छुटमल मेव निवासी रावा फिरोजपुर, झिरका मेवात हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया व पिकअप को जब्त कर लिया।
नकली पनीर के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा मेवात से इतनी बड़ी मात्रा में नकली पनीर की आपूर्ति का बड़ा मामला है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावट खोरों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं हो। जयपुर में पनीर की कीमत प्रति किलो 450 रुपए या अधिक है। ऐसे में 540 किलो पनीर की कीमत करीब ढाई लाख रुपए है।
यह वीडियो भी देखें
ए श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान सभी संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई। चालकों के ड्राईविंग लाइसेंस, आरसी, वाहनों के कागजों की जांच, वाहनों में बैठे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सत्यापित की गई। वाहन के शीशे पर लगी काली फिल्म, बिना नम्बर प्लेट के वाहनों की जांच की गई।
ए श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान 540 किलो नकली पनीर पकड़ा है। मिलावटी पनीर को नष्ट करवा दिया है।
रामपाल शर्मा, थानाधिकारी जमवारामगढ़
Updated on:
16 Jul 2025, 9:24 PM IST
Published on:
16 Jul 2025, 9:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.