8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

59 साल पुराने जर्जर भवन से मिलेगी मुक्ति, 5 करोड़ से बनेगा बांदीकुई नगर पालिका का नया कार्यालय

जयपुर

image

Newsdesk

Aug 08, 2026

Rajasthan

बांदीकुई (बडिय़ाल कलां). बांदीकुई शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार के साथ नगर पालिका की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में अब नगर पालिका को वर्षों पुराने जर्जर भवन से राहत मिलने वाली है। राज्य सरकार ने करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से बांदीकुई नगर पालिका के नए भवन के निर्माण को मंजूरी दी है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पहले चरण में 1 करोड़ 90 लाख रुपए की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इससे दशकों पुराने भवन में काम कर रहे कर्मचारियों और रोजाना अपने कार्यों के लिए पहुंचने वाले सैकड़ों नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
वर्तमान नगर पालिका भवन का उद्घाटन 21 दिसंबर 1967 को तत्कालीन राज्य मंत्री विशंभर नाथ जोशी ने किया था। लगभग 59 वर्ष पुराने इस भवन की हालत अब जर्जर हो चुकी है। समय-समय पर मरम्मत कार्य होने के बावजूद भवन की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। वर्तमान विधायक भागचंद टांकडा के प्रयासों से नगर पालिका को 'सी' से 'बी' ग्रेड में क्रमोन्नत करने के साथ नए भवन के लिए बजट स्वीकृत कराया गया।
नगर पालिका का नया भवन केवल प्रशासनिक कार्यालय नहीं होगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें कर्मचारियों के साथ आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अलग-अलग प्रतीक्षालय, पार्किंग, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, पेंट्री, पोर्च और कॉरिडोर सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बॉक्स-1 : छतों से झड़ता प्लास्टर, हर दिन रहता हादसे का डर
वर्तमान नगर पालिका भवन में कई कमरों और हॉल की छतों से लगातार चूना और प्लास्टर गिरने की समस्या बनी हुई है। कर्मचारी वर्षों से असुरक्षित माहौल में काम करने को मजबूर हैं, वहीं रोजाना आने वाले लोगों को भी हादसे का भय बना रहता है। सीमित जगह के कारण कार्यालय में बैठने और रिकॉर्ड रखने की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। नया भवन इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान माना जा रहा है।

बॉक्स-2 : नागरिक सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

नए भवन में केवल कार्यालय कक्ष ही नहीं, बल्कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं प्रस्तावित की गई हैं। इनमें महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय, दिव्यांग शौचालय, वाहन पार्किंग, पेंट्री, पोर्च, चौड़े कॉरिडोर और बेहतर प्रतीक्षा व्यवस्था शामिल होगी। इससे नागरिकों को एक ही परिसर में अधिक सुव्यवस्थित सेवाएं मिल सकेंगी।


वर्जन







"बांदीकुई शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी के साथ नगर पालिका पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्रीय विधायक भागचंद टांकडा के प्रयासों से नया भवन बनने पर कार्यालय का कामकाज अधिक व्यवस्थित होगा और आमजन को भी बेहतर एवं सुविधाजनक माहौल मिलेगा।"







— बसंत सैनी, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका मंडल, बांदीकुई



फैक्ट फाइल : नए नगर पालिका भवन में प्रस्तावित सुविधाएं
स्वागत कक्ष
प्रतीक्षा कक्ष
एकल खिड़की (सिंगल विंडो)
कैशियर कक्ष
अधिशाषी अधिकारी कक्ष
चेयरमैन कक्ष
सहायक अभियंता कक्ष
कनिष्ठ अभियंता कक्ष
कनिष्ठ लेखाकार कक्ष
एलडीसी-यूडीसी कक्ष
एसआई कक्ष
राजस्व निरीक्षक कक्ष
रिकॉर्ड रूम
बैठक हॉल
सफाई कर्मचारी कक्ष
पुरुष शौचालय
महिला शौचालय
दिव्यांग शौचालय
पेंट्री/एचके रूम
बरामदा एवं आंगन
पोर्च एवं कॉरिडोर
वाहन पार्किंग