
जयपुर के मावठे में बोटिंग शुरू, पत्रिका फोटो
Maotha Lake Boating: जयपुर में आईकॉनिक आमेर प्रोजेक्ट के तहत आमेर महल के ऐतिहासिक मावठे में पर्यटन निगम की ओर से पर्यटकों के लिए बोटिंग की शुरुआत की गई। इसके साथ ही जयपुर में वाटर टूरिज्म का नया ट्रेंड भी शुरू हो गया है। मावठे में बोटिंग सुविधा शुरू करने वाली फर्म के प्रतिनिधियों ने संत सर्वनंदन दास स्वामी (कोठारी, अक्षरधाम) से बोटिंग का शुभारंभ कराया। मावठे में पैडल बोट, स्पीड बोट और अन्य नावों को उतारा गया। पहले ही दिन 112 पर्यटकों ने पैडल बोट और स्पीड बोट की सवारी का आनंद लिया।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आगामी अक्टूबर में शुरू होने वाले नए पर्यटन सीजन में आमेर महल देखने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए मावठे में बोटिंग करना एक नया अनुभव होगा। संचालन करने वाली फर्म के प्रतिनिधि प्रदीप कच्छावा और संदीप सिंह गुढा ने बताया कि बोटिंग के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी पर्यटकों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशिक्षित स्टाफ नाव पर तैनात रहेगा।
उधर, मावठे में बोटिंग से पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा, वहीं पर्यटन निगम का खजाना भी भरेगा। फर्म की ओर से सालाना पर्यटन निगम को करीब 3 करोड़ रुपए का राजस्व मिलेगा। आगामी पांच साल में यह आय 15 करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है। निगम अधिकारियों के अनुसार, वाटर टूरिज्म के लिहाज से मावठे में बोटिंग से सबसे ज्यादा राजस्व मिलने की संभावना है।
मावठे में पहले फेज में चुनिंदा बोट शुरू की गई है। दूसरे फेज में इलेक्ट्रिक लग्जरी स्पीड बोट शुरू होगी। राजस्थानी हेरिटेज लुक में तेयार हो रही बोट में एक बार में 30 पर्यटक बैठ सकेंगे। इस बोट के आगे का हिस्सा मोर की तरह दिखेगा, जबकि साइड के हिस्सों को हेरिटेज लुक में डिजाइन किया गया है। इसमें प्रति भारतीय सैलानी की टिकट 800 रुपए होगी, जबकि विदेशी सैलानी की 1600 रुपए होगी। सभी बोट में 3 साल तक के बच्चे फ्री होंगे। 3 से 8 साल तक के बच्चों की हाफ टिकट लेनी होगी।
Updated on:
10 Mar 2026 01:21 pm
Published on:
10 Mar 2026 01:21 pm
