
जयपुर। जयपुरिया अस्पताल के न्यू ट्रोमा सेंटर में शनिवार देर रात जब सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी एक मरीज को लाया गया तो वहां उसे पट्टी करके घर जाने के लिए कह दिया गया। यहां तक कि कहीं रैफर की सलाह तक नहीं दी गई। उस व्यक्ति ने इलाज के अभाव में अस्पताल में दो घंटे बाद दम तोड़ दिया और परिजनों के पास रह गया तो केवल जिंदगी भर कम न होने वाला दर्द। झालाना डूंगरी में लवण मार्ग के पास हुए हादसे के बाद प्रदीप सरकार को थोड़ी देर तक होश भी था और उन्होंने ही परिजनों को सूचित करने के फोन करने को भी कहा। एंबुलेंस उन्हें नजदीकी जयपुरिया लेकर गई थी लेकिन अस्पताल प्रशासन की नाकामी प्रदीप की जिंदगी पर भारी पड़ी।
दुर्घटना में घायलों को तुरंत मदद मिल सके, इसके लिए सरकार ने 577.67 करोड़ रुपए की लागत से न्यू ट्रोमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की थी। गत वर्ष के शुरुआत में अस्पताल में इमरजेंसी के समीप करीब 500 वर्ग मीटर भूमि पर न्यू ट्रोमा सेेंटर का निर्माण कार्य शुरू हो गया था, जो बीते साल के अंत तक पूरा होना था। वर्तमान में प्रथम तल पर भी आधा-अधूरा ही काम हुआ है। फिर भी गत माह से वहां चिकित्सा सुविधाएं शुरू कर दीं लेकिन द्वितीय तल पर ओटी, आइसीयू, वार्ड का काम अधूरा पड़ा है।
बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य करीब डेढ़ माह से बजट के अभाव में अटका हुआ है। यह दोबारा कब तक शुरू हो पाएगा, किसी के पास इस बात का जवाब नहीं है। आधे-अधूरे बने इस ट्रोमा सेंटर में न तो न्यूरोलॉजिस्ट है और न ही कार्डियोलॉजिस्ट, प्लास्टिक सर्जन। ऐसे में गंभीर चोट वाले मरीजों को कोई इलाज नहीं मिल पाता। कई बार मरीजों को एसएमएस रैफर किया जाता है लेकिन इलाज में देरी से मरीजों की जान पर बन आती है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार न्यू ट्रोमा सेंटर को परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के सहयोग से एनएचएम स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाया जा रहा है। इस पर 5 करोड़ 77.67 लाख रुपए खर्च होंगे। जिसमें से 2 करोड़ रुपए मशीनरी, उपकरण पर खर्च होंगे। बताया जा रहा है कि परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से करीब पौने दो करोड़ रुपए का बजट अटका हुआ है।
जयपुरिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. महेश मंगल ने कहा कि बजट के अभाव में काम अटका हुआ है। इसके प्रयास किए जा रहे हैं। संंबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया है। दीपावली के बाद हमें अभी तक कोई फंड नहीं मिला। वहीं, सड़क सुरक्षा की संयुक्त परिवहन आयुक्त निधि सिंह का कहना है कि हमने तो बीते शुक्रवार ही फंड रिलीज किया है। अब आगे काम अस्पताल के हाथ में है।
Published on:
18 Mar 2024 09:57 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
