
People present at the spot and the damaged vehicle. Photo: Patrika
Jaipur Road Accident: जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जयपुर ग्रामीण इलाके के रायसर थाना क्षेत्र में आज सुबह भीषण सड़क हादसे में दुल्हन सहित 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दूल्हा सहित 8 बाराती घायल हो गए। घायलों का चंदवाजी स्थित निम्स अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार सुबह 6 बजे रायसर थाना क्षेत्र के भटकाबास गांव के पास दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे 148 पर हुआ। बारातियों से भरी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे कंटेनर में जा घुसी। हादसे में दुल्हन सहित 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना भिजवा दी है। परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम होगा।
जानकारी के अनुसार गुड्डापौक थाना उदयपुरवाटी जिला झुंझुनूं निवासी बराती मध्य प्रदेश से सवारी गाड़ी में दुल्हन लेकर दौसा मनोहरपुर हाईवे होते हुए वापस लौट रहे थे। हाईवे पर रायसर थाना क्षेत्र के भट्टकाबास कट के समीप सामने से आ रहे कंटेनर ने एक ट्रक को ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी। हादसे में मंजांली जिला सैडोल मध्य प्रदेश निवासी दुल्हन भारती मीणा(18), जीतू कुमावत (33) एवं सुभाष मीणा (28) आसपुर थाना श्रीमाधोपुर जिला सीकर, रवि कुमार मीणा (17) बुगाला थाना गुढ़ागौड़जी झुंझुनू सहित पांच की मौत हो गई। वहीं, आठ लोग गंभीर घायल है।
जानकारी के मुताबिक दवाईयों से भरा एक कंटेनर हरियाणा से इंदौर की तरफ जा रहा था। तभी पुलिस थाने से 500 मीटर की दूरी पर भटकाबास गांव के पास दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे 148 पर एक गाड़ी चालक ने ओवरटेक का प्रयास किया। ऐसे में गाड़ी सामने से आ रहे कंटेनर में जा घुसी।
गाड़ी में सवार लोग मध्यप्रदेश में शादी के बाद दुल्हन को लेकर लौट रहे थे। हादसे के वक्त गाड़ी में करीब 13 लोग सवार थे। जिनमें से दूल्हा-दुल्हन सहित 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
जमवारामगढ़ सीई प्रदीप यादव, एएसपी यातायात नारायण शर्मा और एसडीएम ललित मीणा निम्स अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे में घायलों से मुलाकात की। साथ ही मृतकों के प्रति संवेदना जताई।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क किनारे करवाया। इसके बाद यातायात सुचारू करवाया गया। ऐसे में करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम के हालात बन रहे।
Updated on:
11 Jun 2025, 12:32 PM IST
Published on:
11 Jun 2025, 10:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.