
ED Big action in Rajasthan: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनको कई समन भेजे गए, लेकिन वे नहीं पहुंचे। आखिर नवां समन मिलने के बाद पेश हुए और ईडी ने उनको पूछताछ के बाद अरेस्ट कर लिया। इस बीच अब वे जेल से ही सरकार चला रहे हैं और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता अब दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बीच अब ईडी की नजर राजस्थान की ओर घूम गई है । ईडी ने अब फिर से महेश जोशी को पूछताछ के लिए समन भेजा है। उनसे जल जीवन मिशन केस के बीस हजार करोड़ रुपए के मामले में पूछताछ होनी है। दो बार उनको बुलाया जा चुका लेकिन वे नहीं जा सके, अब तीसरी बार आज उनको फिर से बुलाया गया है। आज ग्यारह बजे के करीब जयपुर कार्यालय में पेश होने का समन दिया गया है।
दरअसल देश के लगभग सभी राज्यों में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के फंड से घर घर जल पहुंचाने की योजना शुरू की गई थी। शहरों के साथ ही गावों को भी इससे तेजी से जोड़ा जा रहा है। राजस्थान में करीब बीस हजार करोड़ रुपए इस काम का बजट है। ईडी के पास सूचनाएं पहुंची हैं कि जल जीवन मिशन में गावों और कई बड़े कस्बों में गलत पाइप डाले गए, घटिया क्वालिटी का सामान उपयोग लिया गया, चहेतों को बड़े ठेके दिए गए, तय समय पर काम पूरा नहीं किया जा सका और जो काम पूरा भी हुआ वह भी घटिया स्तर का रहा......। ये सारा काम पूर्व सीएम अशोक गहलोत के राज में हुआ, इस दौरान महेश जोशी जलदाय मंत्री थे।
इसी केस में अब ईडी की पूछताछ शुरू हो गई है। वर्तमान सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा इस मामले में ईडी समेत अन्य जांच एजेसियों को महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंप चुके हैं। इन दस्तावेजों के बाद जांच ने और तेजी पकड़ी है। इस बीच सबसे बड़ी बात ये है कि महेश जोशी की दिल्ली में तबीयत खराब हुई है। उनको उल्टी और जी मचलाने की शिकायतों के बाद ओखला स्थित एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में आज भी उनके ED के जयपुर कार्यालय में पेश होने की संभावना बेहद कम है।
Updated on:
28 Mar 2024, 9:46 AM IST
Published on:
28 Mar 2024, 8:55 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.