
Ambedkar Jayanti Mehndi Art : जोधपुर की मेहंदी कलाकार रेणु भदरार ने इस अंबेडकर जयंती पर एक अनूठी पहल कर सबका ध्यान खींचा है। उन्होंने शिक्षिका कांता परिहार के हाथों पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान से जुड़े संदेशों को खूबसूरत थीम मेहंदी के रूप में सजाया है। इस रंगीन और संदेशप्रद मेहंदी डिज़ाइन में “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” जैसे प्रेरणादायक विचारों के साथ बाबा साहब की चित्रमय झलक भी देखने को मिली। यह रचना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोगों को न केवल कला से जोड़ रही है, बल्कि संवैधानिक चेतना का संदेश भी दे रही है।
अंबेडकर जयंती के अवसर पर जोधपुर की मेहंदी कलाकार रेणु भदरार ने अपनी अनूठी कला से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने शिक्षिका कांता परिहार के हाथों पर विशेष थीम मेहंदी रचाई, जिसमें डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान से जुड़े संदेशों को खूबसूरत डिज़ाइन के माध्यम से दर्शाया गया है।
इस मेहंदी में "शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो", "मेरा भारत महान", "जय संविधान", "भारतीय संविधान", जैसे प्रेरणादायक वाक्य अंकित किए गए हैं। साथ ही, डॉ. अंबेडकर की चित्रमय झलक भी मेहंदी का विशेष आकर्षण रही। इस रचना को 10 अलग-अलग कोणों और रंगों में सजाया गया, जो इसे विशेष बनाता है।
रेणु भदरार को उनकी थीम आधारित मेहंदी कला के लिए पूर्व में 15 अगस्त 2024 को जिला स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें नारी गौरव सम्मान, नारी वंदन सम्मान, जोधपुर यूथ आइकॉन अवार्ड और डॉ. अंबेडकर सम्मान से भी नवाजा गया है।
रेणु स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, मतदान, रक्तदान, योग दिवस जैसे अवसरों पर भी अपनी कला के ज़रिए समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करती रही हैं। उनकी यह रचना अंबेडकर जयंती को यादगार बना रही है।
Updated on:
14 Apr 2025, 10:06 AM IST
Published on:
14 Apr 2025, 10:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.