18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

New Train: जयपुर को मिलेगी अमृत भारत ट्रेन की सौगात, खातीपुरा से दरभंगा के लिए दौड़ेगी, रेलमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

Amrit Bharat Train: जयपुर को खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात जल्द मिलेगी। सप्ताह में छह दिन चलने वाली इस ट्रेन को रविवार को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

2 min read
Google source verification
Amrit Bharat Express

अमृत भारत ट्रेन। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। राजधानी जयपुर को अमृत भारत ट्रेन की सौगात जल्द मिलेगी। यह ट्रेन खातीपुरा से दरभंगा के लिए संचालित होगी। इसे रविवार को खातीपुरा में आयोजित कार्यक्रम मेें रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलमंत्री ने गत दिनों जयपुर दौरे में इस ट्रेन के संचालन की घोषणा की थी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। इसका दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह, आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेन्ट्रल, उन्नाव समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।

यह वीडियो भी देखें

यह ट्रेन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी। विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस रेल सेवा से काफी लाभ मिलेगा। यह रेल सेवा दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाते हुए सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

यात्रियों को मिलेगा विकल्प

वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के बीच केवल एक साप्ताहिक (हफ्ते में एक दिन) ट्रेन ही उपलब्ध है, जिसके कारण यात्रियों को टिकट बुकिंग में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से अब यात्रियों को सफर के लिए सप्ताह में छह दिन का बेहतरीन विकल्प मिल जाएगा।

कोच केयर कॉम्पलेक्स का निर्माण किया गया

जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का प्राइमरी मेंटेनेंस नवनिर्मित कोच केयर कॉम्पलेक्स, खातीपुरा, फेज-2 में तैयार किया जाएगा। मेंटेनेंस सुविधाओं को उत्कृष्ट बनाने के लिए खातीपुरा स्टेशन पर 205 करोड़ रुपए की लागत से कोच केयर कॉम्पलेक्स का निर्माण किया गया है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान और बिहार के बीच संपर्क को नई गति प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है।

उन्होंने बताया कि यह ट्रेन यात्रियों को संरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी। विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस रेल सेवा से लाभ मिलेगा। सूत्रों का कहना है कि ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद रेलमंत्री खातीपुरा में नवनिर्मित कोच केयर कॉम्पलेक्स का भी शुभारंभ करेंगे। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

वहीं दूसरी तरफ बीकानेर-साबरमती वाया जालोर के बीच जल्द ही नई ट्रेन के संचालन की चर्चाएं जोरों पर हैं। रेलवे विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है। लेकिन यह चर्चा है कि राजस्थान और गुजरात के लोगों को जल्द ही एक नई रेल सेवा का उपहार मिलने जा रहा है।