
Ashok Gehlot Birthday News: राजस्थान में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन (3 मई) को लेकर खास अपील जारी की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से आग्रह किया है कि वे इस बार जयपुर आकर जन्मदिन की बधाई देने के बजाय अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर सेवा कार्य करें।
गहलोत ने कहा कि इस समय देश के कई हिस्सों, खासकर उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। ऐसी स्थिति में लंबी दूरी तय कर जयपुर आना न सिर्फ असुविधाजनक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने साफ कहा कि “कृपया 3 मई को जयपुर न पधारें, अपने स्थान पर रहकर समाजसेवा करें, यही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।”
उन्होंने अपने संदेश में आमजन से भी अपील की कि इस भीषण गर्मी में खुद का और अपने परिवार का विशेष ध्यान रखें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और लू से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम करें। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपने आसपास पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने समाजसेवियों और संगठनों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में प्याऊ (पानी की व्यवस्था) लगवाए जाएं, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे बड़ा धर्म मानव सेवा है और यदि लोग उनके जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाएं, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी खुशी होगी।
गहलोत ने यह भी संकेत दिया कि जब मौसम सामान्य होगा, तब वे सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिलने के लिए अलग से कार्यक्रम आयोजित करेंगे। फिलहाल प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य है। भीषण गर्मी के बीच आई इस अपील को जनहित में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है, जो न केवल लोगों को सतर्क रहने का संदेश देती है, बल्कि समाजसेवा के लिए भी प्रेरित करती है।
Published on:
28 Apr 2026 11:08 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
