
जयपुर। Rajasthan assembly election 2018 — राजस्थान समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज घोषणा हो सकती है। तीन बजे चुनाव आयोग प्रेस सम्मेलन करेगा। माना जा रहा है कि इसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम के साथ-साथ तेलंगाना के लिए भी चुनाव कार्यक्रम का ऐलान हो सकता है। इसके बाद राज्यों में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
केन्द्रीय एवं राज्य निर्वाचन विभाग चारों राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोग तो तेलांगना का चुनाव भी इन चारों राज्यों के साथ कराने के लिए अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे चुका है। संभव है कि आयोग पांच राज्यों में एक साथ चुनाव की तारीखों का ऐलान करे।
चुनाव आयोग चुनावी राज्यों में मतदान कि तिथि जरूर अलग-अलग घोषित कर सकता है, लेकिन मतगणना एक ही दिन होगी। ऐसे में अधिकतम 15 दिसम्बर से पहले सभी राज्यों का परिणाम आ जाएगा। राजस्थान में 20 जनवरी को मौजूदा सरकार का पहला सत्र शुरू हुआ था। अर्थात आयोग को 19 जनवरी तक नई सरकार का गठन कराना जरूरी है।
नियम के मुताबिक आयोग सरकार का कार्यकाल खत्म होने से अधिकतम 6 माह पहले तक चुनाव अधिसूचना जारी कर सकता है। आयोग सूत्रों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया खत्म करने में न्यूनतम 45 दिन लगते हैं। सामान्यत: आयोग 3 माह या उसके बाद तारीखों का ऐलान करता आया है।
ऐसे में आयोग को अधिकतम 15 दिसम्बर तक चुनाव की तारीख का ऐलान करना होगा। पिछले दिनों मुख्य चुनाव आयुक्त रावत के नेतृत्व में जयपुर आया पूर्ण आयोग चुनाव संबंधी सभी तैयारियों की समीक्षा करके जा चुका है। बता दें कि राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा, जबकि मध्य प्रदेश में 231 सीटों पर, छत्तीसगढ़ में 91 सीटों पर, मिजोरम में 40 सीटों पर और तेलंगाना में कुल 119 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने हैं।
राज्य——————————सरकार का कार्यकाल
राजस्थान————————20 जनवरी, 2019 तक
मध्य प्रदेश————————07 जनवरी, 2019 तक
छत्तीसगढ————————05 जनवरी, 2019 तक
मिजोरम—————————15 दिसम्बर, 2018 तक
Updated on:
06 Oct 2018 11:14 am
Published on:
06 Oct 2018 11:08 am
