Home Minister of Rajasthan : राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भी मंत्रियों को विभागों का इंतजार है। गृह, वित्त और कार्मिक जैसे महत्वपूर्ण विभाग किस मंत्री को मिलेंगे या इन्हें मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा अपने पास ही रखेंगे। इसे लेकर कयासों का बाजार गर्म है। उधर, कई मंत्री अच्छे विभाग के लिए जयपुर से लेकर दिल्ली लॉबिंग कर रहे हैं। अगर राजस्थान में छत्तीसगढ़ फार्मूला लागू होता है तो डिप्टी सीएम के पास गृह मंत्रालय जा सकता है, वहीं अगर मध्य प्रदेश वाला फार्मूला लागू किया जाता है तो मुख्यमंत्री के पास ही गृह मंत्रालय रह सकता है। हालांकि सीएम भजन लाल शर्मा ने पदभार संभालने के बाद सबसे ज्यादा निर्णय पुलिस को लेकर ही किए हैं। पेपर लीक के लिए एसआईटी, संगठित अपराधों पर रोक के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और सीबीआई को बिना राज्य सरकार की अनुमति के अनुसंधान करने जैसे निर्णय सीएम ने लिए हैं। ऐसे में कयास यही है कि सीएम गृह अपने पास ही रख सकते हैं। हालांकि वसुंधरा सरकार के समय गृह विभाग का जिम्मा गुलाबचंद कटारिया के पास था।