
राजस्थान में सियासी उथल-पुथल और कांग्रेस-भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों के 'मिशन 2023' के बीच चंद्रशेखर आज़ाद की अगुवाई वाली भीम आर्मी पार्टी के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, भीम आर्मी पार्टी के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष अनिल धेनवाल ( Bhim Army Party Rajasthan President Anil Kumar Dhenwal ) ने अचानक अपने सभी ज़िम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है। धेनवाल ने अपना इस्तीफा भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह को भेजकर इस बारे में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के ज़रिये आधिकारिक रूप से जानकारी भी दी।
भीम पार्टी प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए अनिल धेनवाल ने राजस्थान में पार्टी को मजबूती नहीं दे पाने की दलील दी है। इस्तीफे में उन्होंने लिखा, 'काफी समय से राजस्थान प्रदेश में सही नहीं हो रहा है। मैंने अपनी तरफ से बहुत बार प्रयास किया कि सब ठीक हो, लेकिन सही नहीं हो सका।'
'6 वर्षों तक ईमानदारी से किया काम'
अनिल धेनवाल ने कहा, 'भीम आर्मी हमारा घर है। यहां हमें मान सम्मान मिला। मैंने भी करीब 6 वर्षों तक पूर्ण ईमानदारी से एक समर्पित कार्यकर्ता की तरह काम किया, लेकिन आगे मैं अपनी तमाम जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे रहा हूं।'
आगे लिखा, 'आपसे निवेदन है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार करें। चंद्रशेखर आजाद और विनय रतन सिंह आप मेरे नेता, मेरे आदर्श हैं और हमेशा रहेंगे।'
गौरतलब है कि अनिल धेनवाल राजस्थान में भीम आर्मी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के साथ ही भीम पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमिटी के भी सदस्य थे। इससे पहले वे राजस्थान में ही आज़ाद समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
भीम पार्टी के लिए झटका
प्रदेशाध्यक्ष पद सहित तमाम पदों से अनिल धेनवाल के इस्तीफे को चंद्रशेखर की भीम आर्मी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अध्यक्ष बनने के बाद से धेनवाल लगातार फील्ड में एक्टिव नज़र आये थे। दलित अत्याचार से जुड़े मामलों को भी धेनवाल की अगुवाई में प्रमुखता से उठाया जा रहा था। लेकिन जिस उम्मीद के साथ भीम आर्मी पार्टी का विस्तार और मजबूती राजस्थान में अपेक्षित हो रही थी नतीजे वैसे नहीं मिले। इन्हीं वजहों का ज़िक्र अनिल धेनवाल ने प्रदेशाध्यक्ष पद से अपने इस्तीफा में किया है।
Published on:
12 Oct 2022 10:13 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
