जयपुर। उदयपुर के समोर बाग में पूजा अर्चना करने के बाद महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ एकलिंगजी मंदिर में आज सुबह दर्शन करने के लिए पहुंच गए हैं। मंदिर के बाद उनके समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद है। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए हैं। आज सुबह ही कलक्टर अरविंद पोसवाल और एसपी योगेश गोयल सामोर बाग और आसपास के इलाके में जा पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर शहर के घंटाघर और सूरजपोल थाना क्षेत्र में धारा 163 लगा दी है। यह मंदिर करीब 1300 साल पुराना है, जिसे बप्पा रावल ने बनवाया था। यह मंदिर सामोर बाग से करीब बीस किलोमीटर दूरी पर है। दरअसल, पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद उनके बेटे विश्वराज सिंह ने सिटी पैलेस में धूणी दर्शन करने का प्रयास किया। हालांकि, चाचा अरविंद सिंह के नेतृत्व में महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पैलेस पर नियंत्रण होने के कारण विश्वराज और उनके समर्थकों को प्रवेश नहीं मिला। इस पर विवाद बढ़ गया और करीब छह घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी। इस दौरान पथराव हुआ और कई लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद देर रात एक बजे प्रशासन ने विवादित स्थल को अपने कब्जे में ले लिया।