4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bisalpur Dam: बीसलपुर बांध छलकने से सिर्फ 1.87 मीटर दूर, 17 दिन की सप्लाई जितना आया पानी

Bisalpur Dam Update: जयपुर,अजमेर और टोंक जिले की लाइफलाइन बीसलपुर बांध में पानी आवक शुरू हो गई है। बीते 48 घंटे में बांध का जलस्तर 313.63 आरएल मीटर पहुंच गया है।
2 min read
Google source verification
Rajasthan Dam Update

बीसलपुर बांध का विहंगम दृृश्य, पत्रिका फोटो

Bisalpur Dam Update: जयपुर,अजमेर और टोंक जिले की लाइफलाइन बीसलपुर बांध में पानी आवक शुरू हो गई है। प्रदेश में मानसून के देरी से आगमन के बावजूद त्रिवेणी नदी में पानी का बहाव शुरू होते ही बांध से अच्छी खबर सामने आई है। शनिवार सुबह बांध का जलस्तर 313.63 आरएल मीटर पहुंच गया है। बीते 48 घंटे में 17 दिन जलापूर्ति जितने पानी की आवक बांध में हुई है। ऐसे में लगातार तीसरे साल बांध के छलकने से पेयजल ​किल्लत को लेकर संकट के बादल भी अब छंटने लगे हैं।

बांध छलकने से सिर्फ 1.87 मीटर दूर

बीसलपुर बांध की कुल जलभराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। बांध का जलस्तर शनिवार सुबह 313.63 आरएल मीटर दर्ज हो चुका है। ऐसे में अब बांध कुल जलभराव क्षमता से केवल 1.87 आरएल मीटर दूर है। गौरतलब है कि बीते वर्ष पिछले मानसून सीजन में बीसलपुर बांध जमकर छलका। बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी अक्टूबर-नवंबर माह तक जारी रही।

बीसलपुर बांध अब तक 8 बार ओवरफ्लो

  • 2004 में निर्माण के बाद पहली बार गेट खुले
  • 2006 में दूसरी बार छलका बांध
  • 2014 में तीसरी बार खोले गए गेट
  • 2016 में भी बांध के खुले गेट
  • 2019 में बांध के 17 गेट खोले
  • 2022 में भी छलका बांध
  • 2024 में सातवीं बार छलका डेम
  • 2025 में डेम 8वीं बार छलका

डेम पर बने नए रिकॉर्ड

बीते वर्ष बीसलपुर डेम ने कई कीर्तिमान तोड़ दिए हैं। डेम से सर्वाधिक 137 टीएमससी से ज्यादा पानी की निकासी का रिकॉर्ड टूटा, वहीं डेम ने सर्वाधिक दिनों तक डेम के गेट खुले रहने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। डेम से 125 दिनों से ज्यादा तक पानी की निकासी की गई। वहीं इस वर्ष डेम छलका तो लगातार तीन साल से छलकने का नया रिकॉर्ड बन जाएगा।

फैक्ट फाइल बीसलपुर बांध प्रोजेक्ट

  • बांध का 1985 में हुआ था शिलान्यास
  • 1987 में बांध का शुरू हुआ निर्माण
  • 1996 में बांध बनकर तैयार
  • 832 करोड़ रुपए आई लागत
  • जल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर
  • कुल जल भराव क्षमता 38.708 टीएमसी पानी का होता है भराव
  • अभी 25.734 टीएमसी पानी बांध में है मौजूद

तो निर्माण के बाद लगातार तीसरी बार छलकेगा डेम

बीसलपुर बांध निर्माण के बाद वर्ष 2004 में पहली बार ओवरफ्लो हुआ। वहीं वर्ष 2004 से अब तक बांध 8 बार छलक चुका है। इस वर्ष मानसून मेहरबान रहा तो बीसलपुर बांध लगातार तीसरे वर्ष छलकने का नया रिकॉर्ड बनाएगा। वर्ष 2024 और 2025 में बांध बारिश के पानी से लबालब भरकर छलका।